जयपुर

स्कूली छात्रा से प्रिंसिपल समेत 5 अध्यापकों ने किया गैंगरेप

एक साल से कर रहे थे छात्रा का यौन शोषण, छात्रा के यौन शोषण में दो महिला शिक्षिका भी शामिल, पीडि़ता के पिता ने थाने में दर्ज कराया मामला

2 min read
Dec 08, 2021
स्कूली छात्रा से प्रिंसिपल समेत 5 अध्यापकों ने किया गैंगरेप

जयपुर। अलवर जिले के भिवाड़ी पुलिस एक ग्रामीण इलाके में दसवीं कक्षा की छात्रा से प्रिंसिपल समेत 5 अध्यापकों द्वारा गैंग रेप करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी शिक्षक छात्रा का एक साल से यौन शोषण कर रहे थे। जिसमें 2 महिला शिक्षिका भी उनका सहयोग कर रही थी। इस घटना के संबंध में पीडि़ता के पिता ने मंगलवार को आरोपी शिक्षक और शिक्षिकाओं के खिलाफ गैंगरेप और पोक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कराया है। वहीं दो अन्य छात्राओं के परिजनों ने भी स्कूल के शिक्षकों और शिक्षिकाओं के खिलाफ अश्लील हरकत वह छेड़छाड़ करने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन मामले दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार 45 वर्षीय एक व्यक्ति ने मंगलवार को भिवाड़ी पुलिस जिले के एक थाने में रिपोर्ट दी कि उसकी पत्नी गूंगी बहरी है और वह ट्रक चलाता है। जिसके कारण वह कई- कई दिनों में घर आता है। उसकी 14 वर्षीय बेटी सरकारी स्कूल में दसवीं कक्षा में पढ़ती है। जब वह घर आया तो उसे पता लगा कि उसकी बेटी कई दिनों से स्कूल नहीं जा रही है। जब उसने बेटी से स्कूल जाने के लिए कहा तो उसने स्कूल जाने से मना कर दिया और रोने लगी। पूछने पर उसकी बेटी ने बताया कि करीब एक साल पहले स्कूल की दो शिक्षिका उसे बहकाकर पड़ोस में किराए का कमरा लेकर रहने वाले शिक्षक के घर ले गई। वहां स्कूल के प्रिंसिपल समेत कुल 4 शिक्षक मौजूद थे, जो कि शराब पी रहे थे। वहां प्रिंसिपल समेत सभी शिक्षकों ने बारी-बारी से उसके साथ बलात्कार किया। महिला शिक्षिका ने मोबाइल से उसका अश्लील वीडियो बना लिया और आरोपी शिक्षक और शिक्षिका ने उसे वीडियो वायरल करने तथा परिवार को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद से आरोपी शिक्षक और शिक्षिका मिलकर लगातार उसका यौन शोषण करते रहे। दिवाली की छुट्टियों से पहले भी उसके स्कूल के 3 शिक्षकों तथा एक अन्य स्कूल के शिक्षक ने उसके साथ बारी-बारी से बलात्कार किया। छुट्टियों के बाद जब वह स्कूल गई तो प्रिंसिपल ने उसे शिक्षक के कमरे पर चलने के लिए कहा। जिस पर उसने मना कर दिया और स्कूल जाना छोड़ दिया। पीडि़ता के पिता की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने आरोपी 5 शिक्षक और दो शिक्षिकाओं के खिलाफ सामूहिक की यौन शोषण और पोक्सो एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है। वहीं, इसी स्कूल की कक्षा 4 वीं और 6 वीं में पढऩे वाली 2 छात्राओं के परिजनों ने भी विद्यालय के कुछ शिक्षिका और शिक्षकों के खिलाफ अश्लील हरकत में छेड़छाड़ की शिकायत पुलिस थाने में दी है।

उच्च स्तरीय जांच शुरू

इस मामले में थाना अधिकारी ने बताया कि 3 छात्राओं के परिजनों ने अलग-अलग तीन मामले दर्ज कराए हैं। परिजनों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। इन मामलों की जांच थाना क्षेत्र सर्किल के उच्च अधिकारी को दी गई है।

Published on:
08 Dec 2021 12:37 am
Also Read
View All

अगली खबर