
सांकेतिक तस्वीर, मेटा एआइ
Jaipur cyber crime gang: यदि आप सोमनाथ, मथुरा-वृंदावन-काशी विश्वनाथ-नाथद्वारा जैसे तीर्थस्थलों के लिए रूम बुक करवा रहे हैं तो सावधान रहें, साइबर ठगों की नजर से अब यह स्थल भी नहीं बचे हैं।
गुजरात पुलिस ने जयपुर से संचालित ऐसे ही एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है जो फर्जी वेबसाइट के जरिए इन तीर्थस्थलों व उनसे जुड़े गेस्ट हाउस-धर्मशाला की बुकिंग कर ठगी करता है। पुलिस ने मामले में जयपुर से 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी कॉलेज स्टूडेंट्स बताए जा रहे हैं।
गुजरात पुलिस ने जयपुर से संचालित इस गिरोह के छह लोगों को गिरफ्तार किया है। सोमनाथ ट्रस्ट से जुड़े गेस्ट हाउस की फर्जी बुकिंग की तहकीकात करने पर पुलिस ने साइबर ठगों का गिरोह पकड़ा। पुलिस को जांच में पता चला कि गिरोह ने ठगी की 84 वारदातों को अंजाम दिया दिया है और केवल सोमनाथ ट्रस्ट में बुकिंग कर 20 लाख रुपए ठगे हैं।
पुलिस अधीक्षक राजदीपसिंह जाला के अनुसार टेक्निकल सर्विलांस से पता चला कि यह साइबर फ्रॉड पिछले पांच माह से जयपुर में एक किराए की प्रॉपर्टी से संचालित है। गिरफ्तार युवकों की पहचान सचिन हरसाना, अभिषेक उपाध्याय, राजकुमार प्रताप, शेरसिंह, माधव गुर्जर और विष्णुकुमार अवतार के तौर पर हुई है। सभी कॉलेज छात्र बताए जाते हैं।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह सोमनाथ ट्रस्ट व ऐसे अन्य संगठनों द्वारा मैनेज किए जाने वाले गेस्ट हाउस में बुकिंग तलाशने वालों को टारगेट करता है। आरोपियों ने गेस्ट हाउस की ओरिजिनल वेबसाइट के लेआउट, लोगो,मोबाइल और तस्वीरों का इस्तेमाल कर असली जैसी दिखने वाली फर्जी वैबसाइट बनाई।
यूजर्स को क्यूआर कोड, यूपीआइ और बैंक ट्रांसफर से पेमेंट लेकर एआइ तैयार रसीदें दी गईं। कई मामलों में पीड़ितों को ऑनलाइन पूजा या डोनेशन के लिंक पर क्लिक करने के बाद भी रीडायरेक्ट कर पैसे वसूले गए। बुकिंग करवाने के बाद यात्री गेस्ट हाउस पहुंचे तो वहां उनकी बुकिंग नहीं मिली।
पुलिस ने बताया कि सोमनाथ में सागर दर्शन गेस्ट हाउस, माहेश्वरी गेस्ट हाउस और लीलावती गेस्ट हाउस की फर्जी बुकिंग में ऐसी ठगी हुई। आरोपियों ने वृंदावन, काशी विश्वनाथ और नाथद्वारा में इस्कॉन के नाम पर भी नकली बुकिंग वेबसाइट बनाई थीं, जिसकी जांच चल रही है।
पुलिस को '1930 पोर्टल' और समन्वय पोर्टल के जरिए इस तरह के साइबर फ्रॉड की गुजरात में 43, महाराष्ट्र में 16, उत्तर प्रदेश में 8, राजस्थान में 5, पंजाब में 3 और कर्नाटक, हरियाणा और दिल्ली में 3-3 शिकायतें मिली हैं।
Updated on:
25 Feb 2026 02:33 am
Published on:
25 Feb 2026 02:32 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
