
,,
आपके सवालों के जवाब फैमिली एस्ट्रो स्पेशल पर
ज्योतिषाचार्य: पं. मुकेश भारद्वाज के साथ
यहां पाएं चार तरह की एस्ट्रो विधाओं के टिप्स
1). अंकगणित
2). टैरो कार्ड
3). वैदिक ज्योतिष (सनसाइन-मूनसाइन)
4). वास्तु शास्त्र
यह कॉलम उन पाठकों के लिए है जो ज्योतिष शास्त्र के माध्यम से भविष्य के पूर्वानुमानों में भी रुचि रखते हैं। भविष्य के पूर्वानुमान लगाने की लगभग सभी लोकप्रिय विधाओं को समाहित कर इस क्षेत्र में रुचि रखने वाले पाठकों के लिए यह देश में एक नए तरह की पहल है। जिसमें पाठक ना केवल दिन से जुड़ी सम्भावनाओं की जानकारी लें सकेगें साथ ही भविष्य से जुड़े प्रश्न भेज पूर्वानुमान प्राप्त कर सकेगें।
इस कॉलम में अंकगणित टैरो कार्ड, सनसाइन, वैदिक ज्योतिष एवं मून साइन के अनुसार ग्रह नक्षत्र के समग्र प्रभाव का पूर्वानुमान और संभावना पर लगातार जानकारियों को साझा करेंगे।
ज्योतिर्विद: पं. मुकेश भारद्वाज
अंक ज्योतिष के अनुसार आज का मूलांक 8 और भाग्यंक 5 है। आज के दिन में उच्च स्तर की श्रम शीलता के साथ बहुत बेहतर समन्वय की दक्षता और धन का प्रबंधन की उर्जा एक साथ उपलब्ध रहेगी। बैंकिंग और फ्लकचुएट करते हुए व्यवसाय के लिए आज का दिन बहुत महत्वपूर्ण है। वह सभी लोग जो मार्केटिंग में लगे हुए और वह भी जो बाजार के साथ उतार-चढ़ाव से जुड़े हुए हैं उन सभी के लिए आज का दिन विशेष हो सकता है। सूचनाओं पर जिनकी अच्छी पकड़ होगी। वह अच्छा धन कमा सकते हैं। मूलांक 1, 2,4, 6, 8 और 5 मूलांक वालों को आज का दिन बेहतर रहने की संभावना है।
टैरो कार्ड में आज का कार्ड द जजमेंट के साथ सिक्स आफ वें ड्स है । आज के दिन में कुछ खास विषयों पर आप निर्णय लेते हुए दिखाई दे सकते हैं। ऐसे विषय आपके सामने आ सकते हैं जिन पर आपको महत्वपूर्ण निर्णय लेने पड़े और आगे के लिए भी दूसरों के साथ मिलकर कुछ खास कार्य में उनका साथ लेते हुए अपने आर्थिक और सामाजिक कार्यों की समीक्षा करें। टैरो कार्ड आपको सलाह देते हैं कि निर्णय लेने से पहले आपको हर विषय पर अच्छी तरह से अपने परिवार या कोच से विचार विमर्श करना चाहिए।
वैदिक ज्योतिष (मूनसाइन — सनसाइन)
सनसाइन के अनुसार कार्यस्थल पर आज का दिन बहुत मेहनत भरा और थका देने वाला हो सकता है। साथ ही में आगे के लिए आर्थिक योजना बनाने के लिए भी आज के दिन का विशेष उपयोग हो ऐसी संभावना है। उच्चाधिकारी और सबोर्डिनेट मिलकर किसी खास कार्य पर परिणाम देने के लिए एकजुट होकर कार्य करते हुए दिखाई दे सकते हैं। आज का दिन आपसी समन्वय के साथ टीम वर्क में काम करने का दिन है। नकारात्मक लोगों को उनके किए गए कार्यों के लिए परेशान होना पड़ सकता है।
मूनसाइन के अनुसार आज का दिन साथी के साथ किसी खास विषय पर बातचीत पर आधारित रह सकता है। प्रेम के लिए आज का दिन मुफीद नहीं है। आर्थिक योजनाएं बनाने पुरानी बातों पर नकारात्मक टिप्पणी करने और बेकार के तर्क वितर्क में समय खराब होने की संभावना रहेगी। आज मुलाकात हो रही हो तो उसे टाल दिया जाए किसी अच्छे दिन के लिए।
कैसा रहेगा साप्ताहिक विद्यार्थी राशिफल
विद्यार्थियों के लिए आने वाला सप्ताह बहुत ही खोजपूर्ण और नए विषयों की जानकारी के साथ आनंद उत्साह और पता देने वाला सिद्ध हो सकता है। उसके लिए इस बात का ख्याल रखने की आवश्यकता रहेगी की कोई ऐसा व्यक्ति साथ ना जुड़ जाए जिसके विचार पहले से ही नकारात्मक हो इसके परिणाम परेशानी भरे भी हो सकते हैं। सप्ताह का प्रथम भाग पुराने कार्यों को पूरा करने और दौड़ धूप में बीतने की संभावना है। सप्ताह के मध्य भाग में मित्रों के साथ आनंद और नई चीजों में किए गए परिश्रम से परिणाम मिलने पर खुशी का रहेगा सप्ताह का अंत सतर्क रहते हुए बिताने की आवश्यकता है।
आपका सवाल
प्रश्न: मूलांक 2 वाले व्यक्तियों के लिए नौकरी या कारोबार में किस तरह की तरक्की मिल सकती है?
उत्तर: मूलांक 2 वालों के लिए ऐसी विषयों पर जल्दी सफलता मिलने की संभावना रहती है। जिनमें उनकी अंतर्दृष्टि का उपयोग हो सके संवेदनशील प्रकृति के मूलांक 2 वाले अपने कार्यों को सुरुचिपूर्ण ढंग से करने के लिए जाने जाते हैं। वह अपने कार्यों में बार-बार व्यवधान पसंद नहीं करते उन्हें अपने कार्यों में जहां भी अच्छे कोच और व्यक्तिगत स्वतंत्रता मिले ऐसे सभी कार्यों में उनकी प्रतिभा का ज्यादा अच्छा उपयोग किया जा सकता है। मूलांक 2 वाले लगभग हर कार्य को करने में दक्ष हो सकते हैं। बस धैर्य से इनका बेस्ट आने तक उन्हें अवसर देने की आवश्यकता है।
ज्यो.पं चंदन श्याम नारायण व्यास पंचांगकर्ता
मेष- लम्बे समय से चले आ रहे पारिवारिक विवाद का आज अंतिम दिन है। महत्त्वपूर्ण कार्य निपटाने में लगे रहेंगे। छात्रों के लिए समय मेहनत करने वाला है। ज्यदाा घमंड से नुकसान आपको ही है।
वृषभ- कार्यक्षमता में वृद्धि होगी। नौकरी की तलाश में भटकना पड़ेगा। आप क्या कर रहे हैं इस पर ध्यान दें। जीवन साथी का सहयोग मिलेगा। भूमि भवन क्रय करने में पूजी लगानी पड़ सकती है।
मिथुन- क्या करें क्या न करें की स्थिति से गुजर रहे हैं। शांति से फैसले लें जल्दबाजी न करें। वाहन क्रय करने का मन बना रहे हैं। अपनी सोच को बदलें, लाभ होगा। मित्रों से मुलाकात मन प्रफुल्लित करेगी।
कर्क- आप दूसरों के लिए बुरा न सोचें। अपने आहार पर नियंत्रण रखें। पेट सम्बन्धित रोग संभव। काम बहूत ज्यादा है मन लागाकर काम करें, सफलता मिलेगी। मनचाहा जीवन साथी मिलने से मन प्रसन्न होगा।
सिंह- जो करने का मन है वो करें। फ़ालतू समय बर्बाद न करें। दूसरों की सीख में अपना नुकसान कर बैठेंगे। शान्ति से विचार कर कोई निर्णय लें। आजीविका के स्त्रोत में वृद्दि के आसार है। पूराने निवेश से लाभ होगा।
कन्या- कार्य की अधिकता के कारण जरुरी कार्य पुरे नहीं हो सकेंगे। उन्नति के पथ पर अग्रसर होंगे। अधिकारी वर्ग के लिए समय उत्तम है। दान पुण्य से मन को शांति मिलेगी।
तुला- अपने वाक् चातुर्य से कार्य बना लेंगे। व्यापार व्यवसाय में यश कीर्ति की वृद्दि होगी। खेल जगत से जुड़े जातकों के लिए समय श्रेष्ठ है। यात्रा से लाभ संभव है। समय पर कार्य करना सीखें।
वृश्चिक- वर्तमान समय शुभ फल देने वाला है। अपनी वाणी पर नियंत्रण रखें। बने काम बिगड़ सकते हैं। अपनी सोच को बदलें,दूसरों को बदलने की कोशीश करें। क्रोध पर नियंत्रण रखें। इष्ट आरधन सहयाक होगी।
धनु- संतान के विवाह की चिंता रहेगी। आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। पूंजी निवेश से लाभ संभव। राज कार्य से जुड़े जातको के लिए समय फलदायी है। अपने अधिकारों का गलत प्रयोग न करें। अन्यथा नुकसान हो सकता है।
मकर- व्यापार विस्तार की योजना सफल होगी। स्वस्थ रहें, मस्त रहें। व्यर्थ चिंता छोड़ दें। खाद्य पदार्थ से जुड़े जातकों के लिए समय अति श्रेष्ठ है। समय रहते पूंजी निवेश कर दें। शत्रु वर्ग सक्रीय होगा।
कुम्भ- आपके व्यवहार से सहकर्मी खुश होंगे। जीवन में नई उड़ान भरने का समय आया है, इसका लाभ लें। पारिवारिक जनों से भेट होगी। अनायास खर्च हो सकता है। समाजिक कार्यक्रमों में भाग ले सकेेंगे।।
मीन- धनकोष में वृद्धि होगी। अपने कॅरियर के प्रति गंभीर निर्णय लें। आत्मविश्वास की कमी के कारण गलत फैसले ले सकते हैं। मन में कई दुविधाएं चल रही है। आध्यत्मिक बल से लाभ होगा।
ग्रह-नक्षत्र ज्योतिर्विद: पं. घनश्यामलाल स्वर्णकार
शुभ वि. सं: 2080
संवत्सर का नाम: पिङ्गल
शाके सम्वत: 1945
हिजरी सम्वत : 1445
मु. मास: मुहर्रम-20
अयन: दक्षिणायण
ऋ तु: वर्षा
मास: द्वि.श्रावण (अधिक)
पक्ष: कृष्ण
शुभ मुहूर्त: उपर्युक्त शुभाशुभ समय, तिथि, वार, नक्षत्र व योगानुसार आज किसी शुभ व मांगलिक कार्यादि के शुभ व शुद्ध मुहूर्त नहीं हैं। अष्टमी जया संज्ञक तिथि अन्तरात 03-53 बजे तक, तदन्तर नवमी रिक्ता संज्ञक तिथि प्रारम्भ हो जायेगी। यदि समय शुद्ध हो तो अष्टमी तिथि में नाचना, स्त्री, रत्न, अलंकार, युद्ध, शस्त्र-धारण, वास्तुकर्म और विवाहादि कार्य करने योग्य हैं, पर अभी मलमास है तथा शुक्र भी अस्त है। अत: मांगलिक कार्यादि शुभ नहीं हैं।
श्रेष्ठ चौघडिय़ा: आज प्रात: 09-15 बजे से दोपहर बाद 02-11 बजे तक क्रमश: चर, लाभ व अमृत तथा अपराह्न 03-49 बजे से सायं 05-28 बजे तक शुभ के श्रेष्ठ चौघडि़ए हैं एवं दोपहर 12-06 बजे से दोपहर 12-58 बजे तक अभिजित नामक श्रेष्ठ मुहूर्त है, जो आवश्यक शुभकार्यारम्भ के लिए अत्युत्तम हैं।
दिशाशूल: मंगलवार को उत्तर दिशा की यात्रा में दिशाशूल रहता है। चंद्र स्थिति के अनुसार आज पूर्व दिशा की यात्रा लाभदायक व शुभप्रद है।
राहुकाल: अपराह्न 3-00 बजे से सायं 4-30 बजे तक राहुकाल वेला में शुभकार्यारम्भ यथासंभव वर्जित रखना हितकर है।
चंद्रमा: चंद्रमा मेष राशि में सम्पूर्ण दिवारात्रि।
नक्षत्र: भरणी ‘‘उग्र व अधोमुख’’ संज्ञक नक्षत्र रात्रि 01-32 अ तक, तदुपरान्त कृत्तिका ‘‘मिश्र व अधोमुख’’ संज्ञक नक्षत्र है। भरणी नक्षत्र में साहस, दारुण, शत्रुनाश, जहर, बन्धन, कुआं, कृषि व अग्नि सम्बन्धी कार्य सिद्ध होते हैं।
योग: गण्ड नामक नैसर्गिक अशुभ योग सायं 04-41 बजे तक, तदुपरान्त वृद्धि नामक नैसर्गिक शुभ योग है।
विशिष्ट योग: ज्वालामुखी नामक अशुभ योग रात्रि 01-32 बजे से अन्तरात 03-53 बजे तक तथा सर्वार्थसिद्धि नामक शुभ योग रात्रि 01-32 बजे से है।
करण : बालव नामकरण सायं 04-04 बजे तक, तदुपरान्त कौलव व तैतिल आदि करण क्रमश: हैं।
व्रतोत्सव: आज कालाष्टमी, मन्वादि व मंगला गौरी पूजा है।
आज जन्म लेने वाले बच्चे: आज जन्म लेने वाले बच्चों के नाम (लि, लू, ले, लो, अ) आदि अक्षरों पर रखे जा सकते हैं। इनकी जन्म राशि मेष है। मेष राशि के स्वामी मंगल हैं। इनका जन्म स्वर्णपाद से है। सामान्य रूप से ये जातक सत्य प्रिय, सुमार्गी, सुखी, सन्तोषी पर होशियार और दूसरों से अपने हित के कार्य निकलवाने वाले पर अस्थिर मनोवृत्ति वाले होते हैं। इनका भाग्योदय लगभग 25 वर्ष की आयु के बाद ही होता है।
Published on:
07 Aug 2023 07:09 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
