जयपुर। शहर के व्यस्त चौराहों में से एक अजमेर रोड स्थित 200 फीट बाइपास चौराहे की सूरत बदलेगी। यदि सब कुछ ठीक रहा तो अगले वर्ष मार्च से भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण निर्माण कार्य शुरू कर देगा। इस प्रोजेक्ट पर 300 करोड़ रुपए खर्च होंगे। सोमवार को जेडीए में बैठक हुई। इसमें जेडीसी रवि जैन सहित जेडीए के आला अधिकारी मौजूद रहे।
ये काम होगा
चौराहे से ट्रैफिक लाइट हटाने के लिए जयुपर से अजमेर की ओर और अजमेर से जयपुर की ओर दो अंडरपास बनाए जाएंगे। साथ ही अजमेर रोड से दिल्ली रोड की ओर जाने के लिए फ्लाई ओवर का निर्माण किया जाएगा।
लाखों लोगों को मिलेगा फायदा
इस चौराहे पर वाहनों का भारी दबाव रहता है। कई बार तो ऐसा जाम लगता है कि एक से डेढ़ घंटे में स्थिति सामान्य हो पाती है। ट्रैफिक सिग्नल फ्री होने के बाद लाखों वाहन चालकों की राह सुगम होगी।
सुझाव भी दें शहरवासी
चौराहे पर काफी जाम लगता है। उसी को ध्यान में रखते हुए इसे ट्रैफिक लाइट मुक्त बनाया जाएगा। मार्च, 2023 में काम शुरू करन का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं। जमीन का अधिग्रहण किया जाएगा। शहर के लोग भी प्रोजेक्ट को लेकर आपत्ति और सुझाव दे सकते हैं।
-अजय आर्य, प्रोजेक्ट निदेशक, एनएचएआई