
जयपुर। राजस्थान के कबीर और आमेर नरेश मानसिंह प्रथम के गुरु संत दादूदयाल का धार्मिक प्रवचन सुनने के बाद मुगल सम्राट अकबर ने सन् 1585 में गोहत्या को बंद किया। चमत्कारों की बातें सुन कर अकबर ने मुगल सेनापति मानसिंह के माध्यम से संत दादू को फतेहपुर सीकरी बुलवाया था। अकबर ने दादू के प्रवचन 40 दिन तक सुने। मानसिंह ने दादूजी को अकबर के बुलावे का निमंत्रण दिया लेकिन वे जाने को तैयार नहीं हुए। बाद में विशेष आग्रह पर दादू अकबर के पास पहुंचे। दादू के चमत्कारों की किवदंतियां आज भी दादूपंथ के साहित्य में हैं। कहते हैं कि दादू ने मुगल दरबार में अचानक प्रकट हो अकबर सहित सभी दरबारियों को प्रभावित कर दिया था।
पुष्कर के संत नारायण दास ने दादू के योग भक्ति चमत्कार की बातें लिखी है। योगी और संतों ने दादू की परीक्षा लेने में कसर नहीं छोड़ी। एक जना बोरे में मांस ले आया तब दादूजी ने बोरा खोला तो उसमें गुड़ खांड निकली। आमेर में रहते हुए दादू ने खुद को देवी मंदिर में प्रकट कर लिया। वहां के नरेश पदम सिंह को अहिंसा का पाठ पढ़ाया और देवी को बलि देना बंद करवाया। परीक्षा लेने वाले संतों से दादू कहते कि ब्रह्म को पहचानो व्यर्थ की सिद्धियों के पीछे मत भागो।
दादूजी आमेर के दलाराम बाग व बाद में मावठा के पास दादू आश्रम में 14 साल रहे। इतिहासकार आनन्द शर्मा के मुताबिक महात्मा ठंडेराम व गूदड़ी वाले बाबा गणेशदास की समाधि के पास शिला पर व आश्रम की गुफा में दादू तपस्या करते रहते। आमेर का सौंखिया खंडेलवाल दादू की सेवा में रहा। जयपुर बसा तब सौंखियोंं का रास्ता में रहने लगे। सौंखियों के पास दादू चरण कमल एक वस्त्र में अंकित हैं।
हरिनारायण पुरोहित की सुंदर ग्रंथावली में दादू के पद चिन्हों की बात लिखी है। दादू शिष्य सुंदरदास का ननिहाल सौंखिया खंडेलवालों में होने से यह खानदान दादूजी से जुड़ा। आमेर के दादू द्वारा में दादू की श्याम छड़ी के अलावा खड़ाऊ व गुदड़ी भी मौजूद है। संत ठंडे राम ने सन् 1897 में आमेर दादू द्वारा का जीर्णोद्धार करवाया। दादू के शिष्य रज्जब अली खान ने दादूजी को राजस्थान का कबीर बताया।
गुरुदादू कबीर की, काया भयी कपूर
रज्जब अज्जब देखिया,सगुण निर्गुण होय।
Updated on:
08 Nov 2017 04:09 pm
Published on:
08 Nov 2017 03:47 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
