
पत्रिका न्यूज़ नेटवर्क
किशनगढ़ रेनवाल/करणसर. डूंगरी कलां गांव में सोमवार सुबह दवा व फीस के पैसे का तकाजा करने से गुस्साए युवक ने चिकित्सक की मूसली से सिर पर ताबड़तोड़ वारकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दूदू दिनेश शर्मा ने बताया कि रेनवाल थाना इलाके के डूंगरी कलां में आरएमपी चिकित्सक डॉ. दशरथ सिंह निवासी करड़ सोमवार सुबह करीब सवा आठ बजे अपने क्लिनिक पर रोगी देखने आया था। इसी दौरान कंबल लपेटकर आए रामचंद गुर्जर निवासी डूंगरी कलां ने चिकित्सक पर मूसली से सिर में ताबड़तोड़ वार किए और फरार हो गया। लहूलुहान हालत में चिकित्सक को चौमूं के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर रेनवाल थाना प्रभारी उमराव सिंह गुर्जर, जोबनेर डीएसपी मुकेश चौधरी व एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
वारदात के दो घंटे बाद आरोपी रामचंद उर्फ कालू गुर्जर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि मृतक दशरथ सिंह पुत्र हनुमान सिंह मूलत: करड़ थाना दांतारामगढ़ का रहने वाला था और डूंगरी कलां गांव में पिछले 25 वर्षों से क्लीनिक का संचालन कर परिवार सहित यहीं रहा रहा था। दोपहर बाद शव परिजनों को सौंपा तो घर में कोहराम मच गया।
नायब तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन
एएसपी दिनेश शर्मा ने बताया कि करीब तीन दिन पहले दशरथ सिंह ने रामचंद्र से दवाओं व फीस के बकाया पैसों को लेकर ग्रामीणों के सामने तकाजा किया था। जिस पर आरोपी ने आनाकानी की तो दशरथ सिंह ने ग्रामीणों के सामने भला-बुरा कह दिया। इस पर आरोपी ने बेइज्जती का बदला लेने के लिए के लिए हत्या कर दी। मृतक के बड़े भाई भवानी सिंह ने हत्या का मामला दर्ज कराया है। मृतक के दो पुत्री व एक पुत्र है। बड़ी पुत्री की शादी हो चुकी है वहीं छोटे बच्चे पढ़ाई करते हैं।
Published on:
14 Feb 2023 11:35 am
