14 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan News : किर्गिस्तान में हिंसा के बीच फंसे करीब 700 राजस्थानी छात्र, हनुमान बेनीवाल से लेकर ज्योति मिर्धा तक ने किया रिएक्ट

किर्गिस्तान में माहौल किस तरह से ख़राब हो रहा है, इसका अंदाज़ा वहां से आ रहे हिंसाग्रस्त वीडियो देखकर लगाया जा सकता है। सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियोज़ वायरल हो रहे हैं, जो यहां छात्रों के परिजनों की चिंताएं बढ़ा रहे हैं।

3 min read
Google source verification
rajasthan students in kyrgyzstan

जयपुर। मध्य एशिया स्थित किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में 4 पाकिस्तानी स्टूडेंट की हत्या के बाद से माहौल खराब है। इस बीच कई भारतीय छात्रों में असुरक्षा के डर के साथ ही उनके वहां फंसे होने के मामले भी सामने आ रहे हैं। एक अनुमान के मुताबिक़ मेडिकल सहित अन्य क्षेत्रों में पढ़ाई करने किर्गिस्तान गए भारतीय छात्रों की संख्या करीब एक हज़ार हैं, जिनमें से लगभग 700 छात्र तो अकेले राजस्थान निवासी हैं। इनमें भी अधिकतर छात्र बांसवाड़ा, दौड़ा और नागौर के बताये जा रहे हैं।

किर्गिस्तान में बवाल... राजस्थान में खलबली

किर्गिस्तान के बवाल में फंसे राजस्थानी छात्रों के फंसे होने की जानकारी ने प्रदेश में खलबली मचा कर रख दी है। फंसे हुए छात्रों को रेस्क्यू करके सुरक्षित भारत लाने की मांग उठने लगी है। इस बीच राज्य सरकार से लेकर केंद्र सरकार तक हरकत में आ गई है और छात्रों को रेस्क्यू करने के प्रयास तेज़ हो गए हैं।

वायरल वीडियो दिखा रहे दहशत का माहौल

किर्गिस्तान में माहौल किस तरह से ख़राब हो रहा है, इसका अंदाज़ा वहां से आ रहे हिंसाग्रस्त वीडियो देखकर लगाया जा सकता है। सोशल मीडिया पर ऐसे कई वीडियोज़ वायरल हो रहे हैं, जो यहां छात्रों के परिजनों की चिंताएं बढ़ा रहे हैं।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

जानकारी के अनुसार किर्गिस्तान हिंसा में फंसे सभी भारतीय छात्रों को रेस्क्यू कर सकुशल भारत लाने के प्रयास शुरू हो गए हैं। छात्रों की सुरक्षा की चिंता के मद्देनजर विदेश मंत्रालय के उच्च अधिकारियों ने किर्गिस्तान में भारतीय दूतावास के हवाले से बताया है कि वर्तमान में स्थिति शांत है और सभी छात्र सुरक्षित हैं। इधर, भारतीय दूतावास द्वारा एडवाइजरी जारी कर छात्रों को अपने निवास से बाहर नहीं निकलने को लेकर अपील की गई है।

जनप्रतिनिधि उठा रहे आवाज़

इस गंभीर विषय को लेकर अब राजस्थान के जनप्रतिनिधि भी एक्टिव दिख रहे हैं। एक विधायक ने जहां किर्गिस्तान में फंसे एक राजस्थानी छात्र से वीडियो कॉल कर बात कर उसको सकुशल वापसी के प्रयास का आश्वासन दिया है, तो वहीं दो विधायकों ने राज्य सरकार से केंद्र से संवाद स्थापित कर सभी राजस्थानी छात्रों को सकुशल रेस्क्यू करने की अपील की है।

- ''किर्गिस्तान हिंसा में नागौर सहित राजस्थान के विभिन्न जिलों के छात्र फंसे होने की जानकारी संज्ञान में आ रही है। विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ ही विदेश मंत्रालय और प्रधानमंत्री कार्यालय से अपील है कि वे त्वरित प्रभाव से हिंसा से प्रभावित छात्रों की मदद करें। जबकि राजस्थान सरकार के भी विदेश मंत्रालय से इस विषय पर गंभीरता से बात करने की जरूरत है।'' - हनुमान बेनीवाल, विधायक, खींवसर

- ''मेरी सभी छात्रों के परिवारजनों से अपील है कि आप धैर्य रखें, भारत सरकार लगातार वहां के दूतावास और किर्गिस्तान सरकार से संपर्क में है। सभी छात्र सुरक्षित हैं और भारतीय दूतावास पूरे मामले पर निगरानी रख रहा है।'' - डॉ ज्योति मिर्धा, पूर्व सांसद

- 'मैंने किर्गिस्तान में रह रहे एक छात्र से वीडियो कॉल से बातचीत की है। वहां के बिगड़े माहौल के बीच छात्र डरे हुए हैं। उन्हें फ़ौरन सकुशल भारत लाने का आश्वासन उन्हें दिलाया गया है।'' - राजेंद्र मीणा, विधायक, महवा (दौसा)

इंडियन एंबेसी ने जारी की एडवाइजरी

किर्गिस्तान में स्थित भारतीय दूतावास ने (Indian Embassy in Kyrgyzstan) फिर से एक नोटिफिकेशन जारी किया है जिसमें उन्होंने बताया है कि बिश्केक के हालात सामान्य हैं औऱ सभी भारतीय सुरक्षित हैं। दूतावास ने अपने आधिकारिक X अकाउंट पर पोस्ट कर लिखा कि “बिश्केक में स्थिति सामान्य है। सभी भारतीय छात्र सुरक्षित हैं। उनसे किर्गिज़ गणराज्य में अधिकारियों के निर्धारित दिशानिर्देशों का पालन करना जारी रखने का अनुरोध किया जा रहा है। किसी भी समस्या के मामले में छात्र दूतावास से 0555710041 पर संपर्क कर सकते हैं।