script300 ड्रोन आकाश में उड़ेंगे: बनाएंगे राम मंदिर की प्रतिकृति, 111000 दीपकों की रोशनी में साकार होगा राम मंदिर | Ayodhya Ram Mandir Ramlala Pran Pratishtha Live Jaipur Ramotsav | Patrika News
जयपुर

300 ड्रोन आकाश में उड़ेंगे: बनाएंगे राम मंदिर की प्रतिकृति, 111000 दीपकों की रोशनी में साकार होगा राम मंदिर

Ayodhya Ram Mandir: श्रीराम जन्मभूमि पर रामलला की प्राण—प्रतिष्ठा का उल्लास देशभर में नजर आ रहा है। गुलाबी नगरी अयोध्या सी सज गई है। 300 ड्रोन एकसाथ आकाश में उड़ेंगे और हवा में राम मन्दिर की प्रतिकृति बनाएंगे। इसे देखने के लिए शहर उमड़ेगा।

जयपुरJan 22, 2024 / 10:21 am

Girraj Sharma

300 ड्रोन आकाश में उड़ेंगे एकसाथ, हवा में बनाएंगे राम मंदिर की प्रतिकृति, 111000 दीपकों की रोशनी में साकार होगा राम मंदिर

300 ड्रोन आकाश में उड़ेंगे एकसाथ, हवा में बनाएंगे राम मंदिर की प्रतिकृति, 111000 दीपकों की रोशनी में साकार होगा राम मंदिर

जयपुर। श्रीराम जन्मभूमि पर रामलला की प्राण—प्रतिष्ठा का उल्लास देशभर में नजर आ रहा है। गुलाबी नगरी अयोध्या सी सज गई है। 300 ड्रोन एकसाथ आकाश में उड़ेंगे और हवा में राम मन्दिर की प्रतिकृति बनाएंगे। इसे देखने के लिए शहर उमड़ेगा। रामनिवास बाग को अयोध्या नगरी सा सजाया गया है। यहां 35 फीट ऊंचा गुलाबी रंग में श्रीराम मंदिर साकार हो गया है। लोग 18 फीट ऊंची श्रीराम की प्रतिमा के दर्शन करेंगे। अयोध्या के जैसे रामद्वार, सीताद्वार, लक्ष्मण द्वार, हनुमान द्वार भी बनाए गए है। यहां लोगों ने दीपकों से श्रीराम मंदिर को भी साकार किया है। शाम को ये दीपक जगमगाएंगे तो श्रीराम मंदिर और स्वास्तिक रोशन हो उठेंगे।

श्री धर्म फाउंडेशन ट्रस्ट, नगर निगम ग्रेटर जयपुर एवं जयपुर व्यापार महासंघ की ओर सेे रामनिवास बाग स्थित अल्बर्ट हॉल पर प्रभु श्रीराम लला दीपोत्सव पर्व कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। विशेष आकर्षण ड्रोन शो होगा। मेयर सौम्या गुर्जर ने बताया कि रामनिवास बाग में कन्नौज के विशेष इत्र का छिड़काव किया जा रहा है। शाम 4 बजे से कार्यक्रम शुरू होगा। इसमें शहरभर से लोग जुटेंगे। रामलला के प्राण प्रतिष्ठा को भव्य बनाने के लिए रामनिवास बाग को अयोध्या सा रूप दिया गया है। 35 फीट ऊंचा श्रीराम मंदिर बनाया गया है। सार्वजनिक स्थान पर इस प्रकार का आयोजन पहली बार हो रहा हैं, जिसे तीन से चार किमी तक की दूरी से लोग देख सकेंगे।

श्रीरामजी की शोभायात्रा
महासंघ के सचिन गुप्ता ने बताया कि कार्यक्रम में राजस्थानी गीतों की प्रस्तुति होगी। इससे पहले दोपहर 12 बजे गलता गेट से श्रीरामजी की शोभायात्रा रवाना हो रही है, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए रामनिवास बाग पहुंच रही है। शोभायात्रा में राम, लक्ष्मण और सीता की सजीव झांकी शामिल है। पुष्कर से आए 51 पंडित वैदिक मंत्रोच्चार के साथ 11 हजार दीपों से महाआरती कर रहे है।

सज गए बाजार, आज से दिवाली सी रोशनी
अयोध्या में श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर जयपुर के बाजार सज गए है। शाम होते ही बाजार रोशनी से जगमग हो उठेंगे। बाजारों में महाआरती व पुष्प वर्षा होगी। दुकानों के बाहर दीपदान होगा। इसे लेकर व्यापारियों ने पूरी तैयारी कर ली है। छोटी काशी के बाजार भी श्रीराम के रंग में रंगे नजर आ रहे है।

 

यह भी पढ़ें

अयोध्या सा सज रहा राजस्थान का यह शहर, मंदिर-चौपड़ हुए जगमग, बाजारों में रोशनी

 

चौपड़ दरवाजे हुए रोशन
हैरिटेज नगर निगम की ओर से परकोटे के चांदपोल दरवाजा, अजमेरी गेट, न्यू गेट, सांगानेरी गेट सहित प्रमुख दरवाजों पर रोशनी की गई है। वहीं छोटी चौपड़, बड़ी चौपड़ व रामगंज चौपड़ को सजाया गया है। चौपड़ों पर आकर्षक लाइटिंग की गई है। छोटी चौपड़ पर त्रिपोलिया बाजार व्यापार मंडल की ओर से राम दरबार सजाया गया है। यहां शाम को महाआरती होगी। वहीं चौड़ा रास्ता में भी महाआरती का आयोजन हो रहा है। बाजारों को भगवान रंग में सजाया गया है। शाम होते ही बाजार दिवाली के जैसे सामूहिक लाइटिंग से रोशन हो उठेंगे।

Hindi News/ Jaipur / 300 ड्रोन आकाश में उड़ेंगे: बनाएंगे राम मंदिर की प्रतिकृति, 111000 दीपकों की रोशनी में साकार होगा राम मंदिर

ट्रेंडिंग वीडियो