
Jaipur News : कांग्रेस सरकार में शुरू की गई राजीव गांधी स्कॉलरशिप फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस योजना में भाजपा सरकार अब बदलाव करने जा रही है। सरकार इस योजना में विदेश के साथ देश के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थानों में भी छात्रों को निःशुल्क पढ़ाएगी। सचिवालय में आयोजित हुई स्कूल, उच्च, तकनीकी और संस्कृत शिक्षा विभागों की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को इसके निर्देश दिए हैं। इस योजना में अभी सिर्फ विदेशी शिक्षण संस्थान ही शामिल हैं। वर्तमान में इस योजना में सरकार की ओर से स्कॉलरशिप जारी नहीं की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने राजस्थान पाठ्य पुस्तक मण्डल को पुस्तकों की खरीद प्रक्रिया में सुधार लाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने प्रक्रियाधीन भर्तियों की स्थिति, विद्या सम्बल योजना, स्कूटी और साइकिल वितरण योजना, छात्रवृत्ति योजना, पीएम उषा योजना के संबंध में विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने संस्कृत शिक्षा विभाग को शिविर और गोष्ठियों का आयोजन कर विद्यार्थियों को संस्कृत शिक्षा के प्रति प्रेरित करने के निर्देश दिए।
पारदर्शी स्थानान्तरण नीति जरूरी बैठक में मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि शिक्षकों के अनियमित स्थानान्तरण के कारण शिक्षण व्यवस्था प्रभावित होती है। शिक्षा विभाग को पारदर्शी स्थानान्तरण नीति तैयार करनी चाहिए। इससे शिक्षकों का योग्यता के आधार पर और सही समय पर स्थानान्तरण किए जा सकेगा। उन्होंने अधिकारियों को शिक्षा में सुधार के लिए कुछ जिलों में नवाचार करने के निर्देश भी दिए, जिन्हें निकट भविष्य में पूरे प्रदेश में लागू किया जा सके और राजस्थान पूरे देश में उत्कृष्ट शिक्षा का मॉडल बनकर उभरे। मुख्यमंत्री ने राजकीय विद्यालयों में रिक्त पदों को भरने के लिए मानव संसाधनों के सामंजस्यपूर्वक उपयोग की आवश्यकता पर भी बल दिया।
Updated on:
5 Mar 2024, 7:20 AM IST
Published on:
5 Mar 2024, 7:20 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.