
गुलाबीनगर की लाइफलाइन है बांध
पिछले 24 घंटे में बांध का 12 सेमी बढ़ा जलस्तर
2022 में आखिरी बार छलका था डेम
जयपुर। शहर की लाइफलाइन बीसलपुर डेम 7वीं बार छलकने के कगार पर पहुंच गया है। बांध में बारिश के पानी की बंपर आवक हो रही है और माना जा रहा है कि इस माह के अंत तक बांध फिर से छलक जाएगा। सिंचाई विभाग के अधिकारी बांध में पानी की आवक पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
जयपुर समेत चार जिलों को बीसलपुर बांध से रोजाना करोड़ों लीटर पानी की आपूर्ति होती है या ऐसे कहा जाए कि पीने के पानी को लेकर चारों जिलों की बांध पर ही निर्भरता टिकी है। वर्ष 2022 में आखिरी बार बांध ओवरफ्लो होने पर बांध के चार गेट खोले गए थे वहीं पिछले साल बारिश कम होने पर बांध को भी मायूसी का सामना करना पड़ा था। लेकिन इस बार बांध में मानसून सक्रिय होने के साथ ही पानी की जबरदस्त आवक हुई है और अब बांध छलकने से महज कुछ मीटर ही दूर है।
बीसलपुर बांध का जलस्तर आज सुबह 6 बजे 312.59 आरएल मीटर दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटे में बांध के गेज में 12 सेंटीमीटर बढ़ोतरी हुई है वहीं त्रिवेणी में भी पानी का बहाव 10 सेमी बढ़कर 2.80 मीटर पर जा पहुंचा है। पानी की बांध में आवक को देखते हुए सिंचाई विभाग माह के अंत तक बांध छलकने की पूरी उम्मीद जताई है। गौरतलब है कि बांध की कुल जलभराव क्षमता 315.50 आरएल मीटर है और अब बांध छलकने से महज 2.91 मीटर ही दूर है। वहीं बांध में अब भी तेजी से पानी की आवक बनी हुई है। बांध में हो रही पानी की आवक को देखकर बांध के आस पास के किसानों में खुशी की लहर दौड़ गई है। बांध से पानी की ज्यादा आवक होने पर ही हर साल किसानों को सिंचाई के लिए भी पानी उपलब्ध होता है।
फैक्ट फाइल
जल भराव क्षमता
315.50 आरएल मीटर कुल जल भराव क्षमता
38.708 टीएमसी पानी का होता है भराव
कहां कितनी जलापूर्ति
अभी जयपुर शहर को रोजाना 500 एमएलडी से ज्यादा पानी सप्लाई हो रहा है। इसी से जुड़ी मालपुरा-दूदू पाइप लाइन से 600 गांव व सात कस्बों में भी रोजाना जलापूर्ति होती है। झिराना- चाकसू पाइप लाइन से 984 गांव व कुछ कस्बों में पानी की आपूर्ति की जाती है।
अजमेर शहर समेत 1100 से ज्यादा गांव, नसीराबाद, ब्यावर, किशनगढ़,केकड़ी, सरवाड़, पुष्कर, विजयनगर समेत 8 कस्बों में बांध से रोजाना जलापूर्ति होती है।
टोंक समेत देवली, उनियारा कस्बों व इससे जुड़े 436 से ज्यादा गांवों और 773 ढाणियों भी बांध से रोजाना जलापूर्ति होती है।
Updated on:
14 Aug 2024 08:30 am
Published on:
14 Aug 2024 07:35 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
