जयपुर शहर के दस विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में करीब आधा दर्जन रोड शो पिछले दिनों हुए। इनमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उप मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी शामिल रहे। इन शो के जरिये भाजपा ने हिंदू-मुस्लिम बहुल क्षेत्र आदर्श नगर, किशनपोल और हवामहल के मतदाताओं को साधने की कोशिश की। इस बार भाजपा का प्रयास जयपुर में हिंदू मतों के ध्रुवीकरण पर रहा। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भी अंतिम दो दिन जयपुर में प्रवास रहा और वे यहां एक होटल में ठहरे। जयपुर में उन्होंने प्रेस वार्ता भी की।