
जमीन-जायदाद के लिए आपस में झगड़े और कहासुनी होना आम बात है लेकिन झगड़ा इतना बढ़ जाए कि एक-दूसरे की जान लेने को लोग उतारु हो जाएं। जी हां, हाल ही में ऐसे ही दो मामले सामने आए है जिनमें जमीनी विवाद को लेकर दो परिवारों में खूनी संघर्ष हो गया। जिसमें बहुत से लोगों को चोटें आई। भरतपुर और सीकर में जमीन को लेकर परिवारों में खूनी संघर्ष में लाठी और सरियों से परिवार के लोगों ने एक दूसरे पर हमला कर दिया। जिससे दोनों मामलों में दर्जन भर से ज्यादा लोग घायल हो गए, जिनमें पांच गंभीर को जयपुर में रेफर किया गया है। परिवारों के बीच जमीनों के संघर्ष के चलते एक दर्जन से ज्यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से पांच की हालत तो इतनी गंभीर है कि उनको प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खूनी संघर्ष के ये दो मामले बीती रात और आज सवेरे के हैं। एक मामला भरतपुर और दूसरा सीकर जिले का है। भरतपुर में हुए खूनी संघर्ष के बारे में जानकारी देते हुए कांमा पुलिस ने बताया कि थाना क्षेत्र में स्थित उदाला गांव में आज सवेरे जमीन के एक टुकडे को लेकर एक ही परिवार के दो पक्षों में मारपीट हो गई। आसपास के लोग पुलिस को जानकारी दे पाते इससे पहले ही दोनो पक्षों में जमकर लाठियां और सरिये चले। पुलिस पहुंची तब तक आठ लोग घायल हो गए थे। घायलों में से छह को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं सीकर के अजीतगढ़ के सीपुर गांव में बीती रात एक ही परिवार के दो पक्षों में भी जमीन को लेकर मारपीट हुई। मारपीट के दौरान आठ लोग घायल हुए। उन सभी को सीकर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर हालत के चलते पांच को एसएमएस अस्पताल जयपुर में रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनो पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।
Published on:
27 Oct 2017 11:54 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
