
खुद को शीशे या फोटो में देख पहचान लेती है 'Cleaner' wrasse fish
ओसाका. जापान में ओसाका मेट्रोपॉलिटन यूनिवर्सिटी (Osaka Metropolitan University) के शोधकर्ताओं ने पता लगाया है कि 'Cleaner' wrasse fish (Labroides dimidiatus) इतनी होशियार होती है कि तस्वीर या शीशे में खुद को पहचानने में सक्षम है। यह प्रजाति अपने क्षेत्र में अजनबी मछलियों पर हमला करने के लिए जानी जाती है। पूर्व में माना जाता था कि आत्म-जागरूकता (Private self-awareness) का यह भाव सिर्फ मनुष्यों और चिम्पैंजी जैसे जानवरों तक ही सीमित होता है।
मिरर मार्क टेस्ट में पहचान लिया खुद को
मछलियों के व्यवहार को समझने के लिए वैज्ञानिकों ने मिरर मार्क टेस्ट (Mirror mark test) किया। शोधकर्ताओं ने 8 'Cleaner' wrasse fish को अध्ययन में शामिल किया। इसके लिए मछलियों के गले पर मार्क लगाने से पहले और बाद में उन्हें एक शीशे के सामने लाया गया। पाया गया कि मछलियों ने जैसे ही स्वयं को शीशे में देखा तो उनमें से छह अपने गले पर बने निशान को हटाने की कोशिश करने लगीं। यह ऐसा पहला शोध है, जो बताता है कि इस मछली में स्वयं के लिए आंतरिक भावनाएं होती हैं।
दूसरी मछलियों को देख हुईं आक्रामक
मिरर मार्क टेस्ट के बाद इन मछलियों को चार तस्वीरें दिखाई गईं। इसमें एक उनकी फोटो थी, दूसरी फोटो किसी अन्य मछली की, तीसरी में उनके सिर को किसी अन्य मछली के शरीर के साथ जोड़ा गया और चौथी में उनके शरीर के साथ अन्य मछली का सिर लगाया गया। वैज्ञानिकों ने पाया कि अन्य मछलियों को देखकर इन होशियार मछलियों का व्यवहार आक्रामक हो गया जबकि अपनी तस्वीर के प्रति ये विद्रोही नजर नहीं आईं। वहीं एडिट की गई फोटोज पर उन्होंने 'सीमित आक्रामकता' ही दिखाई। इन परिणामों ने साबित किया कि ये मछलियां खुद को गतिहीन छवि में भी पहचान सकती हैं।
खुद की मानसिक छवि बनाने में सक्षम
अध्ययन में कहा गया कि मनुष्यों के पास एक स्पष्ट मानसिक छवि होती है कि वे कैसे दिखते हैं, जो उन्हें शीशे या फोटो में खुद को पहचानने की क्षमता देती है। यह क्षमता एशियाई हाथियों, ग्रेट एप्स, किलर व्हेल और बॉटलनोज डॉल्फिन में भी होती है। इस सूची में अब 'Cleaner' wrasse fish भी शामिल हो गई है। प्रोसीडिंग्स ऑफ द नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज में प्रकाशित इस नए अध्ययन के नतीजों ने इन नीली धारीदार छोटी मछलियों की दिमागी क्षमता को साबित किया है।
नीली धारी वाली बुद्धिमान मछली
Published on:
12 Feb 2023 01:13 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
