
जयपुर. स्पेशल ऑपरेशन्स ग्रुप (एसओजी) ने हेल्पलाइन पर मिली सूचना के आधार पर वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा-2022 पेपरलीक मामले में वांटेड सुरेश कुमार बिश्नोई को चलती ट्रेन से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने परीक्षा में अपनी जगह डमी अभ्यर्थी बैठाने के लिए सौदा किया था।एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ न्यायालय की ओर से स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी था। शुक्रवार को एसओजी हेल्पलाइन पर सूचना मिली कि सुरेश कुमार बिश्नोई फरारी काटते हुए राज्य से बाहर जाने की कोशिश कर रहा है और माउंट आबू क्षेत्र में आबू रोड रेलवे स्टेशन से ट्रेन में बैठा है।
एसओजी टीम ने अजमेर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने पर फोटो के आधार पर आरोपी की पहचान की। इसके बाद जयपुर जंक्शन पर ट्रेन आने पर पहले से मौजूद टीम ने उसे दबोच लिया। अनुसंधान अधिकारी प्रकाश शर्मा ने तस्दीक के बाद शनिवार को आरोपी को गिरफ्तार किया। इस मामले में अब तक 69 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।7 लाख में तय हुआ था सौदा
जांच में सामने आया कि आरोपी ने 24 दिसंबर 2022 को होने वाली सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान विषय की परीक्षा के लिए अपने स्थान पर सांचौर के गुंदर निवासी गणपतलाल बिश्नोई को डमी अभ्यर्थी के रूप में बैठाया था। परीक्षा केंद्र राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, गिरी रायडा, जिला उदयपुर था। आरोपी ने डमी अभ्यर्थी से 7 लाख रुपए में सौदा तय किया था। हालांकि परीक्षा से पहले ही गैंग पकड़ी गई थी।27 पकड़े जाने पर खुला था राज
एएसपी प्रकाश शर्मा ने बताया कि 22 दिसंबर 2022 की रात उदयपुर जिले के बेकरिया थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक वाहन (आरजे-19 पीबी 1216) से पुलिस ने 27 लोगों को पकड़ा था, जिनमें 4 परीक्षार्थी भी शामिल थे। इनके पास से सामान्य ज्ञान एवं शैक्षिक मनोविज्ञान विषय का लीक प्रश्नपत्र बरामद हुआ था। इसी कार्रवाई से संगठित पेपर लीक गिरोह का पर्दाफाश हुआ।
Updated on:
17 Jan 2026 09:22 pm
Published on:
17 Jan 2026 09:22 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
