जयपुर. जैन धर्म के 11 वें तीर्थंकर भगवान श्रेयांसनाथ स्वामी का निर्वाण महोत्सव एवं रक्षाबंधन (रक्षासूत्र) पर्व बुधवार को मनाया। दिगंबर जैन धर्मावलंबियों ने जैन श्रद्धालुओं ने रक्षा सूत्र बांधकर लिया धर्म और साधुओं की सुरक्षा का संकल्प लिया। मंदिरों में निर्वाण लाडू चढ़ाने के साथ ही विधान मंडल पूजन हुआ। मंदिरों में चातुर्मासरत आचार्यों, मुनियों और आर्यिकाओं के सान्निध्य में कई कार्यक्रम हुए। भक्तों ने आचार्य की पिच्छिका पर रक्षा सूत्र बांधकर धर्म, मंदिर, तीर्थ स्थलों, साधु और संतों की सुरक्षा का संकल्प लिया।
प्रताप नगर सेक्टर आठ स्थित शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर में आचार्य सौरभ सागर के सानिध्य में कलशाभिषेक और शांतिधारा के बाद मंदिर से मुख्य पांडाल स्थल तक भगवान श्रेयांसनाथ स्वामी को पालकी में विराजमान कर यात्रा निकाली गई। जहां पर भगवान को को पंडुकशीला पर विराजमान कर कलाशाभिषेक किए गए। भगवान का अष्ट द्रव्यों के साथ पूजन किया गया। 11 श्रावक परिवारों द्वारा 1 किलो के 11 निर्वाण लड्डू चढ़ाए गए। आचार्य ने कहा कि आज रक्षा सूत्र पर्व है सभी श्रावक और श्राविकाओं को इसके महत्व को समझना चाहिए। धर्म, मंदिर, तीर्थों एवं साधु – सतों की सुरक्षा का भी संकल्प लेना चाहिए। आचार्य की पूर्व की चारों बनों ने सुबह जिनेन्द्र आराधना के बाद भक्ति की और रक्षा सूत्र बांधकर धर्म की रक्षा का संकल्प पूरा किया। इसके अतिरिक्त दिल्ली, हरियाणा, यूपी, एमपी से भी श्रद्धालुगण शामिल हुए।

700 मुनियों के चढ़ाए अर्घ्य
ज्योतिनगर जनकपुरी जैन मंदिर में सामूहिक पूजन के बाद आर्यिका विशेषमति के सानिध्य में तीर्थंकर श्रेयांसनाथ का निर्वाण लाडू चढ़ाया। मंदिर प्रबंध समिति अध्यक्ष पदम जैन बिलाला ने बताया कि रक्षाबंधन विधान मण्डल पर चार दिशाओं में चार कलश, मुख्य कलश व अखण्ड ज्योति प्रज्वलन के बाद विष्णु व अकम्पनाचार्य मुनियों की पूजन के साथ 700 मुनियों के श्रीफल सहित 700 अर्घ्य श्रेष्ठियों द्वारा चढ़ाए गए। भक्तों ने भगवान नेमिनाथ के समक्ष संकल्प सूत्र बांध कर देव शास्त्र गुरु की रक्षा का संकल्प कर रक्षाबंधन मनाया। शाम को आरती के बाद 48 दीपक से सामूहिक भक्तामर दीप अर्चना की।

—मानसरोवर हीरापथ जैन मंदिर में मोक्ष कल्याण निर्वाण महोत्सव पर निर्वाण लाडू चढ़ाया। माणकचंद, देवेंद्र छाबड़ा, सुधीर, श्रेयांश बैद, सुभाष, शांति, पवन, पंकज मौजूद रहे।
यहां भी हुए कार्यक्रम
जयसिंहपुरा खोर के दिगम्बर जैन मंदिर में मूलनायक भगवान श्रेयांसनाथ का मोक्ष कल्याणक दिवस मनाया। बड़ी संख्या में महिलाओं ने पूजा अर्चना की। प्रतापनगर श्योपुर जैन मंदिर में आचार्य विनीत सागर, बरकतनगर के णमोकार भवन में आचार्य नवीन नन्दी, आमेर में मुनि उपाध्याय ऊर्जन्तसागर, मीरा मार्ग जैन मंदिर में
मुनि सर्वानंद, मुनि पुण्यानन्द, मुनि जिनानन्द, पदमपुरा में आचार्य चैत्य सागर ससंघ के सान्निध्य में पदमपुरा, चूलगिरी जैन मंदिर, तारानगर जगतपुरा जैन मंदिर में भी कार्यक्रम हुए।