जयपुर

Rajasthan News : मिशन 2023 के बीच गहलोत सरकार ने शुरू कर दिया ये ‘स्पेशल मिशन’, कहा- ‘इसे अब कोई नहीं रोक सकता’

Rajasthan Mission 2030 : राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023, चुनावी वर्ष में शुरू हुआ एक और अभियान, 'राजस्थान मिशन 2030' में लेंगे हर वर्ग के सुझाव, अगले 7 साल की प्रगति पर लिए जाएंगे सुझाव, एक करोड़ से ज़्यादा सुझावों के बाद बनेगा 'विज़न डॉक्यूमेंट'

2 min read
Aug 22, 2023

जयपुर।


प्रदेश में जारी चुनावी हलचलों के बीच गहलोत सरकार के 'राजस्थान मिशन 2030' अभियान की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मौजूदगी में आज जयपुर के बिड़ला सभागार में हुए एक राज्य स्तरीय समारोह में अभियान का विधिवत आगाज़ हुआ। ये अभियान 30 सितंबर तक चलेगा। इस अभियान में सरकार विभिन्न वर्गों से संवाद करके प्रदेश की अगले 7 साल की प्रगति पर एक विज़न डॉक्यूमेंट तैयार करेगी। फिर उसी आधार पर योजनाएं और कार्यक्रम बनाये जाएंगे।

'राजस्थान मिशन 2030' के शुभारंभ मौके पर समारोह को संबोधित करते हुए इस अभियान के उद्देश्यों और अपेक्षाओं को लेकर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि राजस्थान में आज तेल के अपार भंडार हैं, यहां अब गैस निकलने की भी संभावना बताई जा रही है, शिक्षा के क्षेत्र में हमारे पास सब कुछ है तो वहीं देशभर में राजस्थान ही ऐसा राज्य है जहां स्वास्थ्य को लेकर कानून बनाया गया है।

उन्होंने कहा कि पिछले पांच साल में राज्य सरकार ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। जन कल्याणकारी फैसलों के कारण राजस्थान देश में मॉडल स्टेट बनकर उभरा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा एवं बुनियादी ढांचे के विकास सहित विभिन्न क्षेत्रों में राज्य ने उल्लेखनीय प्रगति की है।

सीएम गहलोत ने कोरोना काल को याद करते हुए कहा कि संकटकाल के दौरान सरकार ने शानदार काम किए। सरकार के आह्वान पर सभी लोगों ने मिलकर काम किया। लोगों ने एक-दूसरे की मदद की। अब राजस्थान का मिज़ाज़ बदल रहा है। उन्होंने कहा कि अब मिशन 2030 अभियान शुरू किया है जिसे पूरा होने से कोई नहीं रोक सकता। लेकिन यह केवल बात करने से नहीं होगा, बल्कि सभी प्रदेशवासियों के सम्मिलित प्रयासों से होगा।

एक करोड़ से ज़्यादा लिए जाएंगे सुझाव

'राजस्थान मिशन 2030 अभियान' 30 सितम्बर 2023 तक चलाया जा रहा है। मिशन 2030 की मुहिम के तहत अर्थशास्त्रियों, लेखकों, पत्रकारों, विद्यार्थियों, सरकारी कर्मचारियों, अधिवक्ताओं, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, युवाओं, बुद्धिजीवियों, खिलाड़ियों सहित एक करोड़ से भी अधिक प्रदेशवासियों से सुझाव लिए जा रहे हैं । इसके लिए एक वेबसाईट तैयार हुई है जहां आमजन से ऑनलाइन सुझाव लिए जाएंगे। इसके अलावा फेस टू फेस एवं आईवीआर सर्वे के माध्यम से भी सुझाव लिए जाएँगे। सभी स्कूलों और कॉलेजों में विद्यार्थियों के बीच मिशन 2030 के संबंध में लेख प्रतियोगिताएँ भी आयोजित की जायेंगी। राज्य सरकार इन सभी सुझावों को समाहित कर राज्य का विज़न-2030 डॉक्यूमेंट जारी करेगी।

सीएम ने पहले ही दिन किया संवाद

'राजस्थान मिशन 2030' का शुभारंभ करने के बाद सीएम गहलोत ने जयपुर के मुख्य समारोह से वर्चुअल माध्यम से जुड़े सभी जिलों के लोगों से संवाद किया। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अतिरिक्त मुख्य सचिव, प्रमुख शासन सचिव, शासन सचिव एवं विभागाध्यक्ष भी मौजूद रहे।

अर्थव्यवस्था मजबूत करने का लक्ष्य

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने स्वतंत्रता दिवस पर राज्य स्तरीय समारोह में राजस्थान को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए ‘मिशन 2030' का संकल्प व्यक्त करते हुए कहा था कि वर्ष 2018-19 में प्रदेश की अर्थव्यवस्था करीब 9 लाख 11 हजार करोड़ रुपए थी। यह आज करीब 14.14 लाख करोड़ रुपए है। इसे वर्ष 2030 तक ढाई गुना बढ़ाकर 35.71 लाख करोड़ रुपए ले जाने का हमारा लक्ष्य है।

Published on:
22 Aug 2023 02:27 pm
Also Read
View All

अगली खबर