
क्या आपके घर भी आया है ये चंदा मांगने वाला? खातीपुरा में दर्जनों घरों के साथ हुई बड़ी ठगी
खातीपुरा में कई घरों से 100 से 500 रुपए तक लिए
जयपुर. शहर के खातीपुरा इलाके की कई कॉलोनियों में गुरुवार रात प्रसादी के नाम पर ठगी की वारदात सामने आई हैं। खुद को हूपर के साथ चलने वाला सहायक बताकर एक व्यक्ति कई घरों से 100, 200 और 500 रुपए तक की राशि लेकर भाग गया। घटना का खुलासा शुक्रवार सुबह उस समय हुआ, जब इलाके में रोजाना आने वाला हूपर चालक मौके पर पहुंचा। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो अब वायरल हो रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार रात करीब 9 बजे एक व्यक्ति ने घर-घर जाकर घंटी बजाई और बताया कि शुक्रवार को प्रसादी का आयोजन है, जिसके लिए वह चंदा लेने आया है। कुछ महिलाओं ने बिना अधिक पूछताछ के चंदा दे दिया। जिन लोगों ने सुबह आने को कहा, उनसे आरोपी ने यह कहकर दबाव बनाया कि प्रसादी के कारण अगले दिन हूपर नहीं आएगा। इस बात पर कुछ लोगों ने मजबूरी में उसे पैसे दे दिए, हालांकि कुछ घरों से उसे भगा भी दिया गया।
शुक्रवार सुबह जब नियमित हूपर चालक इलाके में पहुंचा और लोगों ने उससे चंदे को लेकर सवाल किया, तब ठगी का पता चला। हूपर चालक ने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के प्रसादी आयोजन की उसे कोई जानकारी नहीं है और नगर निगम
की आड़ लेकर किसी ठग ने यह वारदात की है।
इन कॉलोनियों से वसूले रुपए
यह मामला प्रभात कॉलोनी, कृष्णा कॉलोनी, नरेड़ा कॉलोनी, जगन्नाथपुरा और परिवहन नगर क्षेत्रों का बताया जा रहा है। घटना को लेकर इलाके में चर्चा बनी हुई है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।
Updated on:
31 Jan 2026 05:10 pm
Published on:
31 Jan 2026 05:10 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
