मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को राजनीति का जादूगर कहा जाता है। राजनीति के मैदान में उन्होंने कई बार अपने विरोधियों को पटखनी दी है। मगर अब खेल के मैदान में भी गहलोत ने जादूगरी दिखाई है। प्रतापगढ़ पहुंचे सीएम ने सुखाड़िया स्टेडियम में जनसभा को संबोधित किया और राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक खेलों का अवलोकन भी किया। इस दौरान उन्होंने कबड्डी खेली और खिलाडि़यों को आउट कर दिया। गहलोत ने जिले में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। हालांकि लगातार बारिश होने की वजह से वे केवल एक घंटा ही आयोजन स्थल पर ठहरे। इसके बाद वे करीब 4 बजे बजे हेलीकॉप्टर से ही उदयपुर के लिए रवाना हो गए।
यह भी पढ़ें : दिवाली से पहले लोगों की बल्ले-बल्ले, सरकार ने दी यह बड़ी राहत
इस अवसर पर हुई सभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतापगढ़ जिले में इतनी बड़ी मीटिंग शायद पहले ही कभी हुई हो। बरसती बारिश में आप लोग यहां मुझे सुनने के लिए खड़े हैं यह मेरे लिए बहुत खुशी की बात है। मैंने प्रतापगढ़ के विकास के लिए बहुत कार्य किया है और आगे भी चहुंमुखी विकास विकास के लिए प्रयास करता रहूंगा। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता ने उन्हें तीन बार मुख्यमंत्री बनाया है, इतना प्यार और सम्मान दिया है। राजस्थान उनके दिल में बसता है और वह कहीं भी रहे वे लगातार राजस्थान के विकास और लोगों की सुविधाओं के लिए कार्य करते रहेंगे। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की पिछली भाजपा सरकारों और वर्तमान की केंद्र सरकार को घेरते हुए जनता के लिए उनके प्रयासों को नाकाफी बताते हुए अपने कार्यकाल में सरकार की उपलब्धियों और कार्यों को भी गिनाया। साथ ही कहा कि राजीव गांधी ग्रामीण ओलंपिक के आयोजन देशभर में अनूठा नवाचार है, जिससे ना सिर्फ गांव-ढाणी की प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा, वे देश विदेश में नाम रोशन करेंगे बल्कि इससे एक स्वस्थ समाज के निर्माण में भी योगदान मिलेगा।