राजस्थान में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के बीच द्वंद्व खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले दिनों पायलट के जन्मदिन पर उमड़ी भीड़ ने सियासी हलचल बढ़ा दी। उधर अशोक गहलोत को कांग्रेस का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने की अटकलें भी तेज है। इन सबके बीच दोनों तरफ से नेताओं के बयान हर किसी के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं। इसी बीच मुख्यमंत्री के सबसे नजदीकी यूडीएच मंत्री शांति धारीवाल ने बड़ा बयान दिया है। इंदिरा गांधी शहरी रोजगार गारंटी योजना की लॉन्चिंग के बाद धारीवाल ने गहलोत को 2023 का कांग्रेस का मुख्यमंत्री बताया।
यह भी पढ़ें : पट्टा देने में कोताही बरतने वाले अधिकारी-कर्मचारी होंगे बर्खास्त-गहलोत
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में धारीवाल ने एक बार फिर अपनी बात को दोहराया है। उन्होंने कहा कि 2023 में एक बार फिर कांग्रेस की सरकार रिपीट होगी और दोबारा कोई मुख्यमंत्री बनेगा तो वो अशोक गहलोत बनेंगे। यह जनता की डिमांड है, कांग्रेस को बहुमत मिलेगा। उन्होंने योजना को लेकर कहा कि केंद्र ही नहीं पूरे देश को योजना शुरू करनी चाहिए। पूरे देश में गुजरात मॉडल की बात होती है, लेकिन राजस्थान में भी कई बड़ी योजनाएं चलाई जा रही है। इसमें फुटकर व्यवसायियों को 50 हजार का लोन बिना ब्याज के दिया जा रहा है। उन्होंने लम्पी वायरस बीमारी पर कहा कि यह तेजी से फैल रही है, लेकिन इस पर नियंत्रण के लिए सरकार पूरे प्रयास कर रही है।