8 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan Politics : सीएम भजनलाल की भाजपा अध्यक्ष और वित्त मंत्री से मुलाकात, दिल्ली दौरे से राजस्थान में सियासी हलचल तेज!

Rajasthan Politics : राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को नई दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन व वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण मुलाकात की। इसके बाद प्रदेश में नियुक्तियों और आगामी पंचायत राज चुनावों के साथ ही राज्य मंत्रिमंडल में संभावित विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई।

2 min read
Google source verification
CM Bhajan Lal met BJP President Nitin Nabin and Finance Minister Nirmala Sitharaman Delhi visit intensifies political activity in Rajasthan

नई दिल्ली में राजस्थान के सीएम भजनलाल ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन व वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की। फोटो साभार सीएम -X

Rajasthan Politics : राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मंगलवार को यहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। दोनों के बीच राजस्थान में सरकार और संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। साथ ही प्रदेश में नियुक्तियों और आगामी पंचायत राज चुनावों के साथ ही राज्य मंत्रिमंडल में संभावित विस्तार को लेकर भी चर्चा हुई। उन्होंने नवीन से राजस्थान दौरे का भी आग्रह किया।

वहीं, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात के दौरान प्रदेश की विभिन्न परियोजनाओं के लिए केन्द्रीय सहायता और केन्द्र की योजनाओं में राजस्थान की हिस्सेदारी को लेकर चर्चा की। गौरतलब है कि राजस्थान को केन्द्र से मेट्रो फेज-2, ईआरसीपी के लिए केन्द्रीय सहायता का इंतजार है।

सीएम भजनलाल ने नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भेंट के बाद अपने सोशल मीडिया अकाउंट X पर लिखा कि इस अवसर पर राजस्थान के समावेशी विकास के लिए उनके निरंतर सहयोग के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। साथ ही, प्रदेश के आर्थिक सुदृढ़ीकरण, प्रभावी वित्तीय प्रबंधन और आगामी जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर चर्चा हुई।

सूत्रों के अनुसार, सीएम भजनलाल का दिल्ली दौरा केवल शिष्टाचार तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके जरिए केंद्र और संगठन दोनों स्तर पर तालमेल मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। खासकर प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों, बजट सहयोग और आने वाले राजनीतिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए यह दिल्ली दौरा बेहद अहम माना जा रहा है। दिल्ली में हो रही लगातार बैठकों से साफ है कि यह दौरा रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण है।

25 मार्च को भी सीएम भजनलाल गए थे दिल्ली

सीएम भजनलाल का आज का दिल्ली दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि अभी करीब 10 दिन पहले 25 मार्च को भी वह दिल्ली दौरे पर गए थे। तब सीएम भजनलाल ने दिल्ली में पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और राम मोहन नायडू से भी मुलाकात की थी।

पदों की प्रतीक्षा में हैं पार्टी के कार्यकर्ता

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि बोर्ड-निगमों में नियुक्तियां न केवल लंबित हैं, बल्कि इनकी संख्या काफी अधिक है। पार्टी के कार्यकर्ता इन पदों की प्रतीक्षा कर रहे हैं, क्योंकि ये नियुक्तियां न केवल सम्मान का विषय हैं बल्कि संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावी रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।

मंत्रिमंडल विस्तार-राजनीतिक नियुक्तियां सिर्फ सीएम का फैसला नहीं

भाजपा के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में पदाधिकारियों की बैठक के बाद पत्रकारों से कहा कि राजस्थान में मंत्रिमंडल विस्तार और राजनीतिक नियुक्तियों का निर्णय केवल मुख्यमंत्री का व्यक्तिगत फैसला नहीं होगा, बल्कि संगठन और राष्ट्रीय अध्यक्ष से चर्चा के बाद ही अंतिम रूप लिया जाएगा।