31 जनवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

क्या राजस्थान की महिलाओं को भजनलाल सरकार देगी Free Smartphone?

Rajasthan Free Smartphone Yojana: चिरंजीवी परिवार की 1 करोड़ 33 लाख महिलाओं को स्मार्टफोन देने की पूर्ववर्ती सरकार की योजना को कुछ बदलाव के साथ जारी रखा जा सकता है। हालांकि योजना पर फिलहाल पसोपेश बना हुआ है, लेकिन मंगलवार को सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री विधानसभा में इसके भविष्य पर खुलासा कर सकते हैं।

2 min read
Google source verification
free_smartphone.jpg

Free Smartphone Yojana New Update 2024: चिरंजीवी परिवार की 1 करोड़ 33 लाख महिलाओं को स्मार्टफोन देने की पूर्ववर्ती सरकार की योजना को कुछ बदलाव के साथ जारी रखा जा सकता है। हालांकि योजना पर फिलहाल पसोपेश बना हुआ है, लेकिन मंगलवार को सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री विधानसभा में इसके भविष्य पर खुलासा कर सकते हैं। उधर, भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों की महिला नेता इस बात पर एकमत हैं कि महिलाओं के हित में योजना को जारी रखा जाए।

दोनों ही दलों की प्रमुख महिला नेताओं का कहना हैं कि महिलाओं के हित में योजना को जारी रखा जाए, चाहे तो इसकी कमियों को दूर करने और उपयोगिता के बारे में अध्ययन करवाकर सरकार इसे और प्रभावी बना सकती है। इस योजना के अंतर्गत 1 करोड़ 33 लाख चिरंजीवी परिवारों की महिलाओं को सरकार की ओर से स्मार्टफोन दिए जाएंगे। इसके पहले चरण में अशोक गहलोत सरकार ने 40 लाख महिलाओं को स्मार्टफोन देने की शुरुआत कर दी थी, लेकिन 9 अक्टूबर को आचार संहिता लागू होने के कारण पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार करीब 25 लाख महिलाओं को ही स्मार्टफोन दे पाई।

क्या थी योजना
- पहले चरण में चयनित बालिका और महिलाओं को 40 लाख स्मार्टफोन दिए जाने थे, जिसके अंतर्गत इनमें से प्रत्येक महिला को स्मार्टफोन के लिए डीबीटी के माध्यम से 6,125 रुपए दिए गए। गहलोत सरकार ने सभी 1 करोड़ 33 लाख चिरंजीवी परिवारों की महिलाओं को स्मार्टफोन देने की गारंटी दी थी।

अब तक 1800 करोड़ रुपए खर्च
आचार संहिता लागू होने से पहले तक इस योजना के अंतर्गत करीब 25 लाख महिलाओं को स्मार्टफोन के लिए राशि दी गई। सरकार की ओर से इन महिलाओं को करीब 1800 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए गए।

यह बोली महिला नेत्रियां...
महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे को ध्यान में रखते हुए स्मार्टफोन योजना को जारी रखा जाए। महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाए।
- रक्षा भंडारी, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा महिला मोर्चा

सरकार को अध्ययन कराना चाहिए कि योजना महिलाओं के लिए कितनी उपयोगी रही? इसके अनुसार ही योजना जारी रखने पर निर्णय किया जाए। यह भी देखा जाए कि इस योजना को महिलाओं के हित में कैसे और प्रभावी बनाया जाए।
- अनिता भदेल, भाजपा विधायक और पूर्व मंत्री

योजना को जारी रखा जाना चाहिए। स्मार्टफोन से महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने का मकसद था। भाजपा सरकार प्रदेश की महिलाओं की स्थिति को और अच्छा बनाए, सरकार में होने के कारण यह उसका दायित्व है।
- ममता भूपेश, कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री

स्मार्टफोन महिलाओं के लिए उपयोगी है। सभी बालिकाएं स्मार्टफोन नहीं खरीद सकती। ऐसे में भविष्य की सोच को ध्यान में रखते हुए योजना को जारी रखा जाए।
- रेहाना रियाज चिश्ती, अध्यक्ष, राज्य महिला आयोग

Story Loader