8 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

माकन के दौरे के बीच सीएम गहलोत ने बुलाई जन घोषणा पत्र की समीक्षा बैठक

-बुधवार को दोपहर 3 बजे मुख्यमंत्री आवास पर होगी समीक्षा बैठक, कैबिनेट और राज्यमंत्री जुड़ेगे बैठक से, पौने 3 साल का रिपोर्ट कार्ड जारी करवाएंगे सीएम

2 min read
Google source verification

जयपुर। मंत्रिमंडल फेरबदल और विस्तार की सुगबुगाहट के बीच 2 दिन विधायकों की रायशुमारी के लिए जयपुर आ रहे प्रदेश प्रभारी अजय माकन के ठीक दौरे वाले दिन ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने जन घोषणा पत्र की की समीक्षा के लिए बुधवार को अपने निवास पर कैबिनेट और राज्य मंत्रियों की बैठक बुलाई है।

साथ ही सभी विभागों के एसीएस और प्रमुख शासन सचिव को भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बैठक से जुड़ने को कहा गया है। हालांकि बैठक जन घोषणा पत्र की तैयारी को लेकर होगी, लेकिन पौने 3 साल में घोषणा पत्र को सियासी संकट के समय याद आने पर इसे मुख्यमंत्री गहलोत की ओर से एक संदेश देने के तौर पर देखा जा रहा है।

रिपोर्ट कार्ड जारी कर सकते हैं सीएम
सूत्रों की मानें तो मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जन घोषणा पत्र की समीक्षा बैठक के बाद सरकार की ओर से पौने तीन साल में किए गए कामकाज का रिपोर्ट कार्ड जारी कर सकते हैं। दरअसल सरकार के 2 साल के कार्यकाल पूरे होने पर सरकार की ओर से जन घोषणा पत्र के 50 फ़ीसदी से ज्यादा वादे पूरे करने का दावा किया गया था।

सरकार ने बनाया था सरकारी दस्तावेज
दरअसल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद गहलोत सरकार ने कांग्रेस के चुनाव घोषणा पत्र को सरकारी दस्तावेज बनाते हुए इसे जनघोषणा पत्र का नाम दिया था और घोषणा पत्र में किए गए वादों की क्रियान्विति के लिए समय-समय पर मुख्य सचिव लगातार बैठकर लेकर समीक्षा करते रहे हैं।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत भी इस संबंध में कई बार बैठकें ले चुके हैं लेकिन जिस तरह से बुधवार को प्रदेश प्रभारी अजय माकन विधायकों से वन टू वन मुलाकात करेंगे। ऐसे में इसी दिन मुख्यमंत्री की ओर से बुलाई गई बैठक के कई सियासी मायने निकाले जा रहे हैं। बताया जाता है कि समीक्षा बैठक के जरिए मुख्यमंत्री संदेश देना चाह रहे हैं कि कांग्रेस सरकार ने पौने तीन में किस तरह से जनता के लिए जन कल्याणकारी काम किए हैं।