
Jaipur News : हैरिटेज नगर निगम की महापौर मुनेश गुर्जर की कार्यप्रणाली से नाराज चल रहे कांग्रेस पार्षद उनकी बर्खास्तगी की मांग को लेकर रविवार रात प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सीपी जोशी से मिले। कांग्रेस के करीब छह पार्षदों ने सीपी जोशी से लंबी मंत्रणा की।
कांग्रेस पार्षदों का कहना था कि मुनेश गुर्जर पर भ्रष्टाचार के आरोप प्रमाणित हो चुके हैं और एसीबी ने सरकार से अभियोजन स्वीकृति भी मांगी है। इधर विश्वस्त सूत्रों की मानें तो कांग्रेस पार्षद भले ही मुनेश गुर्जर को बर्खास्त करने की मांग को लेकर सीपी जोशी से मिले हों लेकिन अंदर खाने चर्चा यही है कि कांग्रेस के 10 से ज्यादा पार्षद भाजपा के संपर्क में हैं और हैरिटेज नगर निगम में कभी भी कांग्रेस का बोर्ड गिर सकता है। प्रदेश में सरकार बदलने के बाद से ही हैरिटेज निगम के कांग्रेस पार्षदों का भाजपा नेताओं से संपर्क बढ़ गया था। सूत्रों के अनुसार एक पूर्व मंत्री के नजदीकी पार्षदों ने इस मुहिम को चलाया है।
सीपी जोशी से इन पार्षदों ने की मुलाकात
प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सीपी जोशी से जिन पार्षदों ने मुलाकात की है उनमें मनोज मुद्गल, उत्तम शर्मा, दशरथ सिंह शेखावत, सरोज कंवर, सुनीता शेखावत और ज्योति चौहान शामिल हैं।
समितियां नहीं बनने से भी नाराज थे पार्षद
हैरिटेज नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड होने के बावजूद भी पिछले तीन साल से समितियों का गठन नहीं हो पाया था। इसके चलते भी कांग्रेस और समर्थन दे रहे हैं निर्दलीय पार्षद नाराज चल रहे थे। समितियां गठित करने को लेकर नगर निगम में धरना तक दिया गया था लेकिन उसके बावजूद भी समितियां गठित नहीं हो पाईं।
निर्दलीय पार्षदों के भरोसे कांग्रेस का बोर्ड
हैरिटेज नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड निर्दलीय पार्षदों के भरोसे चल रहा है। नौ निर्दलीय पार्षदों ने कांग्रेस को समर्थन दिया हुआ है। कांग्रेस के 47, भाजपा के 44 और 9 निर्दलीय पार्षद हैं।
महापौर की पूर्व मंत्री से थी खींचतान
हैरिटेज नगर निगम की महापौर मुनेश गुर्जर और तत्कालीन कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के बीच लंबी खींचतान चली आ रही है। विधानसभा चुनाव से पहले दोनों में जमकर आरोप- प्रत्यारोप के दौर चले थे। महापौर मुनेश गुर्जर के पति को भी एसीबी ने रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। दिलचस्प यह भी है कि मुनेश गुर्जर को महापौर बनाने में भी प्रताप सिंह खाचरियावास की बड़ी भूमिका रही थी।
Published on:
24 Jun 2024 08:40 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
