15 जनवरी 2026,

गुरुवार

Patrika LogoSwitch to English
home_icon

होम

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Diggi kalyan yatra : कल्याण धणी के रंग में रंगी छोटी काशी

Jaipur News :डिग्गी कल्याणजी की 54वीं लक्खी पदयात्रा रवाना, नाचते-गाते आगे बढ़ा भक्तों का रैला

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Suresh Yadav

Aug 07, 2019

Diggi kalyan yatra in jaipur

Diggi kalyan yatra in jaipur

जयपुर।

Diggi kalyan yatra : छोटी काशी मंगलवार को कल्याण धणी के रंग में रंगी नजर आई। शहर की हर सड़क व मार्ग पर डिग्गी कल्याणजी के पदयात्रियों से भक्ति व श्रद्धा से सराबोर रही।
श्रद्धालु कनक दडंवत करते, कल्याणधणी के जयकारे लगाते, कुछ नाचते, कुछ 'बाजे छै नौबत बाजा म्हारा डिग्गीपुरी का राजा... जैसे भक्ति व लोकगीत गाते हुए आगे बढ़ रहे थे। वहीं, जगह-जगह चाय-पानी पिलाकर, नाश्ता और फल बांटकर लोगों ने पदयात्रियों की आवभगत की। मुख्य पदयात्रा चौड़ा रास्ता स्थित ताड़केश्वर महादेव मंदिर से सुबह रवाना हुई। यहां पदयात्रियों का रैला नजर आया। ताड़केश्वर महादेव के दर्शन कर भक्त कनक दंडवत करते हुए डिग्गी कल्याणजी के लिए रवाना हुए। दिनभर पूरा शहर पदयात्रियों से अटा रहा।

संत-महंतों ने किया ध्वज पूजन

श्रीकल्याणजी डिग्गीपुरी पदयात्रा संघ जयपुर की 54वीं लक्खी पदयात्रा ताड़केश्वर महादेव मंदिर से रवाना हुई, जिसे गलता पीठाधीश्वर अवधेशाचार्य महाराज, भागवताचार्य देवी वैभवीश्री, महामंडलेश्वर पुरुषोत्तम भारती, परिवहन मंत्री प्रतापसिंह खाचरियावास सहित अन्य लोगों ने ध्वज पूजन कर रवाना किया। मुख्य ध्वज जैसे ही मंदिर के बाहर आया तो श्रद्धालुओं ने जयकारों से चौड़ा रास्ता को गंूजायमान कर दिया। पदयात्रा में कई श्रद्धालु कनक दंडवत करते हुए चल रहे थे।

जगह-जगह भंडारे, बारिश ने बढ़ाया उत्साह

शहर में जगह-जगह लगे भंडारों में भक्ति और सेवा की जुगलबंदी दिखी। चौड़ा रास्ता से टोंक रोड तक कदम-कदम पर भंडारे लगाए गए। भंडारा स्थलों पर खाने-पीने से लेकर चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध थी। सुबह से शाम तक टोंक रोड पर वाहन रेंग-रेंगकर चलते रहे।
दोपहर बाद हुई बारिश ने पदयात्रियों का जोश बढ़ा दिया। बारिश भी लोगों की आस्था को रोक नहीं पाई। पदयात्री डीजे की धुन पर बारिश में भीगते नाचते-गाते चल रहे थे। मानसरोवर एसएफएस के पास आशियाना प्राइम लिमिटेड ने भंडारा किया, जिसमें रूपनारायण आकोदिया की रूप एंड पार्टी मुहाना ने प्रस्तुति दी।

डिग्गी पहुंचेंगे 10 को

पदयात्रा संघ के अध्यक्ष श्रीजी शर्मा ने बताया कि चौड़ा रास्ता से करीब 20 हजार पदयात्री रवाना हुए, जो सांगानेर तक 30 हजार हो गए। पदयात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ी, पदयात्रियों की संख्या भी बढ़ती गई। पदयात्रियों ने पहले दिन मदरामपुरा में रात्रि विश्राम किया। पदयात्री बुधवार को हरसुलिया, 8 अगस्त को फागी, 9 अगस्त को चौसला में रात्रि विश्राम करते हुए 10 अगस्त को निज धाम डिग्गीपुरी कल्याणजी पहुंचेंगे।

शोभायात्रा के रूप में करेंगे दर्शन

यहां से भक्त शाम 5 बजे शोभायात्रा के रूप में कल्याण धणी के दरबार पहुंचेंगे। पदयात्रा के पड़ाव स्थल पर रात्रि को भजन संध्या और रासलीला का आयोजन किया जाएगा। गंगोत्री से लाए गंगा जल से श्रीकल्याणजी का अभिषेक किया जाएगा और निशान अर्पित किया जाएगा।

इन मार्गों से गुजरी पदयात्रा

चौड़ा रास्ता से पदयात्रियों का कारवां रामनिवास बाग, जेएलएन मार्ग होते हुए मोतीडूंगरी गणेश मंदिर पहुंचा। यहां श्रद्धालुओं ने गजानन महाराज के दर्शन किए। यहां से पदयात्री तख्तेशाही रोड होते हुए टोंक रोड पहुंचे। यहां से भक्तों का काफिला सीधा बढ़ता गया। अलग-अलग मार्गों से आने वाले पदयात्री भी वाहनों पर बज रहे भजनों की धुन पर नाचते हुए मुख्य पदयात्रा में शामिल हुए। कई गांवों के पदयात्री दोपहर तक आते रहे। कई पदयात्री नंगे पैर ही कल्याण धणी के दर्शनों के लिए रवाना हुए।