Jaipur Greater Nagar Nigam में अब भी सफाई व्यवस्था पटरी पर नहीं आ पाई है। डोर टू डोर कचरा व्यवस्था के तहत मुरलीपुरा और मालवीय नगर जोन में नए हूपर लगाने के बाद भी रोजाना दर्जनों शिकायतें नगर निगम प्रशासन को मिल रही है। ग्रेटर नगर में आज भी डोर टू डोर कचरा संग्रहण की 1365 शिकायतें पेंडिंग पड़ी हैं। ग्रेटर निगम प्रशासन ने पिछले दिनों ही मालवीय नगर जोन और मुरलीपुरा जोन में डोर टू डोर कचरा संग्रहण के नए टेंडर किए थे। इसके बाद कंपनी ने मालवीय नगर में 65 और मुरलीपुरा में 52 हूपर सफाई व्यवस्था में लगाने के लिए रवाना किए थे।
माना जा रहा था कि हूपर के लगने के बाद सफाई व्यवस्था पटरी पर आ पाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। आज भी इन दोनों जोन से निगम को वाहन नहीं आने की शिकायतें मिल रही हैं। आपको बता दें पिंकसिटी में शहरी सरकारें सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के नाम पर हर महीने करोड़ों रुपए खर्च कर रही हैं। फिर भी हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। वित्तीय वर्ष 2021-22 में 373 करोड़ रुपए ग्रेटर नगर निगम ने स्वच्छता संरक्षण और अवशिष्ट प्रबंधन पर खर्च कर दिए। इसके बाद भी जमीनी हालात ठीक नहीं हैं।
यह भी पढ़ें: Jaipur Greater Nagar Nigam को मिले 65 नए हूपर, मगर फिर सफाई में पड़ सकता है लोचा
पांच जोन को आज भी इंतजार
दो जोन में ठेका होने के बाद शेष रह गए पांच जोन को आज भी नए ठेके का इंतजार है। यहां नगर निगम ग्रेटर अपने स्तर पर घरों से कचरा कलेक्शन कर रहा है। निगम के अधिकारी दावा कर रहे है कि हर घर पर नियमित रूप से निगम की गाड़ियां पहुंच रही है और कचरा कलेक्शन कर रही है, लेकिन लम्बित पड़ी शिकायतें कुछ और ही सच्चाई बयां कर रही हैं।