
Dussehra 2018. दशहरा मैदान में होगा सबसे ऊंचे दशानन का दहन
जयपुर। Dussehra 2018- बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व विजयादशमी शुक्रवार को मनाया जाएगा। इस दौरान शहर की विभिन्न कॉलोनियों व चौराहों पर रावण दहन होगा। रावण दहन के दौरान कहीं गोल घूमती चकरियों के बीच रावण की आंखों से आंसू निकलेंगे तो वहीं आतिशी अनार से आसमान जगमग हो उठेगा।
राजस्थान पत्रिका की मीडिया पार्टनरशिप में प्रतापनगर और मानसरोवर में दो दिवसीय दशहरा मेले का आगाज गुरुवार से हुआ। मेले के दौरान यहां मौत का कुंआ व ड्रैगन सहित अन्य झूले लगाए गए हैं। साथ ही विभिन्न व्यंजनों की स्टॉलें भी लगाई गई हैं। भव्य आतिशबाजी के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। दो दिनों तक चलने वाले आयोजन में कई कलाकार प्रस्तुति देंगे।
आदर्श नगर: शाम 7.30 बजे जलेगा रावण
दशहरा मैदान में सबसे बड़ा 105 फीट के रावण व 90 फीट ऊंचे कुंभकरण के पुतले का शाम 7.30 बजे दहन होगा। इससे पूर्व राम मंदिर प्रन्यास की ओर से दोपहर तीन बजे राम मंदिर से दशहरा मैदान 10.30० बजे तक शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें लवाजमे के बीच भगवान राम और लक्ष्मण के स्वरूप विराजमान होंगे। साथ ही केवट संग भगवान राम लक्ष्मण, राम दरबार सहित अन्य झांकियां शोभायात्रा में शामिल होंगी। रावण दहन के बाद मंदिर में राम का राजतिलक होगा।
मानसरोवर: दहन रात 10.30 बजे
अरावली मार्ग, शिप्रा पथ कॉर्नर (अरावली मार्ग) स्थित मैदान में सद्भावना दशहरा मेले के दूसरे दिन शुक्रवार को पंजाबी गायक माफिया मुंडेर फेम अल्फाज की प्रस्तुति होगी। शाम 7.30 बजे से शुरू होने वाले कार्यक्रम में जूनियर अक्षय कुमार विकल्प मेहता की परफॉर्मेंस भी देखने को मिलेगी। सद्भावना परिवार फाउंडेशन के अध्यक्ष और मेला आयोजक मनोज पांडे ने बताया कि भव्य आतिशबाजी के बीच रात 10.30 बजे रावण का दहन होगा।
प्रताप नगर: रात 10.30 बजे दहन
भैंरु जी सर्किल स्थित सेक्टर 16 कुम्भा मार्ग में प्रताप नगर विकास समिति द्वारा आयोजित दो दिवसीय विशाल दशहरे मेले के तहत शुक्रवार को रात 10.30 बजे रावन दहन होगा। सचिव ओमप्रकाश बाहेती ने बताया कि इस दौरान शस्त्र पूजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और ऑर्केस्ट्रा म्यूजिक भी रहेगा। वहीं, दहन के दौरान रावण खून के आंसू बहाएगा।
Updated on:
19 Oct 2018 07:51 am
Published on:
19 Oct 2018 07:50 am
