जयपुर

बड़ा भाई ही निकला छोटे भाई का हत्यारा

- शिवदासपुरा थाना पुलिस ने किया मामले का खुलासा: 2 आरोपियों को किया गिरफ्तार- छोटे भाई की नशे की लत से परेशान बड़े भाई ने की हत्या- दोस्त के साथ मिलकर दिया था वारदात को अंजाम- हत्या को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की थी आरोपियों ने

2 min read
Sep 08, 2023
पुलिस गिरफ्त में आरोपी।

जयपुर/शिवदासपुरा. थाना इलाके में सडक़ पर संदिग्ध परिस्थितियों में मिले युवक के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने मृतक के बड़े भाई समेत 2 जनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने उसके छोटे भाई की नशे की लत से परेशान होकर दोस्त के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया और हत्या को दुर्घटना का रूप देने की कोशिश की थी। थानाप्रभारी दौलत राम ने बताया कि 26 अगस्त को गोपीरामपुरा बरखेड़ा मार्ग पर एक युवक का शव पड़ा मिला था। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। मृतक की पहचान निमोडिय़ा निवासी कृष्ण मोहन उर्फ गणेश के रूप में हुई थी। पुलिस को जांच के दौरान संदेह होने पर मृतक के बड़े भाई हनुमान से सख्ती से पूछताछ की। इस दौरान हनुमान ने दोस्त विजय शर्मा के साथ मिलकर कृष्ण मोहन की हत्या करना कबूल कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसका भाई स्मैक का आदी था तथा कोई काम धंधा नहीं करता था। पैसे नहीं देने पर मृतक घर में वृद्ध माता पिता से मारपीट करता था। कई बार गांव में चोरी भी करता था। इससे परेशान होकर उसने अपने दोस्त विजय के साथ मिलकर कृष्ण मोहन की हत्या की।

पैसे नहीं देने पर करता था पिटाई
प्रारम्भिक पूछताछ के दौरान आरोपी हनुमान प्रसाद ने बताया कि वह महात्मा गांधी अस्पताल में प्राईवेट नौकरी करता है। जिससे उसे बारह हजार रुपए मासिक मेहनताना मिलता है। इसके अलावा आय का अन्य कोई स्त्रोत नहीं है। घर में दोनों भाईयों (मृतक तथा आरोपी) के अलावा हनुमान की पत्नी तथा बच्चे व वृद्ध माता- पिता रहते हैं, जिनका इलाज भी करवाना पड़ता है। मृतक गणेश का अविवाहित होना एवं स्मैक के नशे का आदी होना बताते हुए संज्ञान करवाया कि गणेश रोज 1000-1500 रुपए का नशा करता था तथा नशे के इंजेक्शन लगाता था। समझाइश करने पर भी कोई असर नहीं हुआ। रोज नशे के लिए लडाई झगडा कर पैसे मांगता था, नहीं देने पर बुढे मां-बाप तथा भाई की पिटाई करता था। कुल्हाड़ी लेकर जान से मारने की धमकियां देता था। पैसे नहीं मिलने पर वह गांव में चोरियां भी कर लेता था।

आरोपियों ने ठिकाने लगाने की बनाई योजना
पुलिस पूछताछ में मृतक के भाई ने बताया कि छोटा भाई समाज व गांव में परिवार की इज्जत खराब करने के बाद वह रोज जान से मारने की धमकियां भी देता था, जिससे डरकर रात को कमरे बन्द कर परिवार वाले सोते थे। ऐसी स्थिति में अन्य कोई विकल्प नहीं बचने पर आरोपी भाई हनुमान ने अस्पताल में ही काम करने वाले दोस्त विजय कुमार शर्मा को घर की स्थिति एवं मृतक गणेश के कारनामों के बारे में बताया और दोनों ने उसको ठिकाने लगाने की व्यूहरचना तैयार की। दूसरे आरोपी विजय कुमार शर्मा ने भी प्रारम्भिक पूछताछ में इन्हीं तथ्यों के बारे में बताया। जांच के बाद पुलिस ने खुलासा करते हुई मृतक के बड़े भाई हनुमान व उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया।

Published on:
08 Sept 2023 11:19 am
Also Read
View All
राजस्थान बाल अधिकार संरक्षण आयोग में नियुक्तियों का मामला: पहले के 200 आवेदनों पर अब तक फैसला नहीं, तीसरी बार आवेदन प्रक्रिया शुरू

पत्रिका प्री-बजट संवाद में वक्ता बोले… ‘मेट्रो विस्तार, नो-पार्किंग जोन, पब्लिक ट्रांसपोर्ट मजबूत करने और आधारभूत सुविधाओं की जरुरत’

सेना के जवानों के बच्चों को पढ़ाई में बड़ी राहत, शहीदों के परिवारों को पूरी फीस से छूट, नई पहल से मिलेगा सहारा

Rajasthan State Highway: राजस्थान के इस स्टेट हाईवे की बदल जाएगी सूरत, 30 करोड़ होंगे खर्च, जयपुर को बड़ा फायदा

पार्किंग पर पर्ची पॉलिसीः दर-दर अलग दर…हर जगह एक ही ठसका-यहां तो यही रेट लगेगी

अगली खबर