
elephant
गर्मी से त्रस्त एक हथिनी रविवार सुबह आमेर स्थित हाथी स्टैंड पर बेकाबू हो गई। उसने मावठे के पास स्टैंड पर बने बैरियर तोड़ दिए और पास खड़ी दूसरी हथिनी से भिडऩे लगी। इससे वहां पर्यटकों में अफरा-तफरी मच गई। काफी मशक्कत के बाद महावतों ने हथिनी पर ठंडा पानी डाल कर काबू में किया।
जानकारी के अनुसार किले से नीचे उतर वापस जाने के लिए हथिनी नंबर 44 हाथी स्टैंड आईं तो गर्मी से परेशान होकर बेकाबू हो गई। उसने पास खड़ी 97 नंबर हथिनी से लडऩे का भी प्रयास किया। लेकिन महावतों ने उसे दूर कर दिया।
घटना की शिकायत मिलने पर आमेर महल अधीक्षक ने दोनों हथिनियों के मालिकों को लिखित में निर्देश जारी किए और दोनों की सवारी पर फिलहाल प्रतिबंध लगा दिया है। इस हादसे ने गर्मी में आमेर महल तक हाथियों की सवारी को एक बार फिर सवालों में खड़ा कर दिया है।
