7 जुलाई 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Syria Damascus Blasts: जिस होटल में रुकने वाले थे फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों, वहीं हुआ धमाका

Syria Damascus Blasts Updates: सीरिया की राजधानी दमिश्क में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के ठहरने वाले होटल के पास धमाकों से हड़कंप मच गया। घटना के बाद सुरक्षा बढ़ा दी गई, जबकि धमाकों के कारणों की जांच जारी है।
2 min read
Google source verification

भारत

image

Saurabh Mall

Jul 07, 2026

Syria Hotel Damascus Blasts

सीरिया की राजधानी दमिश्क में धमाका। (सोर्स: ANI)

Syria Hotel Damascus Blasts: सीरिया की राजधानी दमिश्क में उस समय हड़कंप मच गया, जब फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के ठहरने वाले होटल के पास धमाकों की आवाज सुनाई दी। घटना के बाद पूरे इलाके की सुरक्षा बढ़ा दी गई। सड़कें बंद कर दी गईं और जांच एजेंसियां तुरंत सक्रिय हो गईं। हालांकि शुरुआती जानकारी के मुताबिक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। धमाकों की वजह का भी अभी तक आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है।

मैक्रों के ऐतिहासिक सीरिया दौरे के बीच धमाकों से बढ़ी चिंता

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दमिश्क में मंगलवार को लगातार कई धमाके सुनाई दिए। आसमान में धुएं का बड़ा गुबार भी देखा गया। बताया गया कि फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों अपने आधिकारिक दौरे के दौरान जिस होटल में रुकने वाले थे, उसके पास दो धमाके हुए।

धमाकों के तुरंत बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेर लिया। कई सड़कों को सील कर दिया गया। फिलहाल जांच जारी है कि विस्फोट किस कारण हुए और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है।

बता दें मैक्रों ने सीरिया के लोगों के प्रति फ्रांस के समर्थन का भरोसा जताया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट में कहा कि उनका उद्देश्य एक संप्रभु, एकजुट और शांतिपूर्ण सीरिया का समर्थन करना है। यह दौरा इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि किसी मौजूदा यूरोपीय संघ के राष्ट्राध्यक्ष का यह पहला आधिकारिक सीरिया दौरा है।

हाल के दिनों में बढ़ी सुरक्षा चिंता

दमिश्क में हाल के दिनों में सुरक्षा को लेकर चिंता लगातार बढ़ी है। कुछ दिन पहले शहर के पैलेस ऑफ जस्टिस के पास स्थित एक कैफे में भी बम धमाका हुआ था। उस हमले में पांच लोगों की मौत हुई थी और करीब 20 लोग घायल हुए थे।

स्थानीय प्रशासन के अनुसार, कैफे में इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (IED) लगाया गया था। घटना के बाद एक संदिग्ध को पकड़ लिया गया और मामले की जांच जारी है। हालांकि अब तक किसी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

दमिश्क के गवर्नर माहेर मारवान इदलिबी ने कहा कि सरकार देश में सुरक्षा और स्थिरता बहाल करने की कोशिश कर रही है। लेकिन कुछ असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि फिलहाल इस घटना को किसी आतंकी संगठन से जोड़कर नहीं देखा जा रहा है।

अब सभी की नजर जांच एजेंसियों की रिपोर्ट पर है। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि इन धमाकों का मैक्रों के ऐतिहासिक सीरिया दौरे और दोनों देशों के रिश्तों पर कोई असर पड़ता है या नहीं।