
राजस्थान में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, हुई फायरिंग, बदमाश को मारी गोली
जयपुर। धौलपुर में शनिवार देर रात में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ होने का मामला सामने आया है। पुलिस पर बदमाशों की ओर से फायरिंग की गई। जिसके जवाबी हमले में पुलिस ने भी फायरिंग की। जिसमें एक इनामी बदमाश कल्ला उर्फ करूआ के गोली लग गई। जिसे घायलावस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामला धौलपुर जिले के कंचनपुर थाना इलाके का है। जहां अरूआ नाले के पास रात में बदमाशो से पुलिस की मुठभेड हुई। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश घायल हो गया व दो बदमाश फरार हो गए।
पुलिस ने बताया कि बीते दिनों से सैंपऊ थाना क्षेत्र के करीमपुर गांव में एक पेट्रोल पंप पर फायरिंग व लूट की घटना हुई थी। जिसमें पांच बदमाश फरार चल रहे थे। जिन पर जिला पुलिस अधीक्षक की ओर से 25—25 हजार के इनाम घोषित किए गए थे। इनमें दो बदमाशों को पूर्व में ही पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। बाकी तीन बदमाशों पुलिस तलाश कर रही थी।
पुलिस को शनिवार रात में मुखबिर द्वारा सूचना मिली के कंचनपुर थाना क्षेत्र के अरूआ के नाले के पास बदमाश किसी वारदात की फिराक में घूम रहे हैं। जिस पर क्यूआरटी कंचनपुर व सैंपऊ थाना पुलिस ने मौके पर पहुंची। पुलिस को देख बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की। इस दौरान इनामी बदमाश अजीत व कल्याण भाग निकले। वहीं इनामी बदमाश कल्ला उर्फ करुआ मुठभेड में घायल हो गया। जिसे पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
Updated on:
14 Jan 2024 10:29 am
Published on:
14 Jan 2024 10:29 am
