18 मई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

एक युग का अंत… 20 साल से संगीत सुना रहा आइपॉड हुआ ‘खामोश’

अलविदा: एपल अब नहीं बनाएगी, स्टॉक रहने तक ही चलेगी बिक्री2001 में हुआ था लॉन्च, 2019 तक कई मॉडल आए

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Aryan Sharma

May 12, 2022

एक युग का अंत... 20 साल से संगीत सुना रहा आइपॉड हुआ 'खामोश'

एक युग का अंत... 20 साल से संगीत सुना रहा आइपॉड हुआ 'खामोश'

नई दिल्ली. करीब 20 साल से संगीत प्रेमियों का मनोरंजन कर रहा आइकॉनिक म्यूजिक प्लेयर आइपॉड (iPod) बाजार से विदा होने जा रहा है। अमरीकी टेक कंपनी एपल (Apple) ने घोषणा की है कि वह इसका उत्पादन बंद कर रही है। बाजार में मौजूदा स्टॉक रहने तक ही इसकी बिक्री जारी रहेगी।
एपल ने 23 अक्टूबर 2001 में आइकॉनिक म्यूजिक प्लेयर आइपॉड लॉन्च किया था। अपने कॉम्पैक्ट शेप और साइज के कारण यह देखते ही देखते दुनियाभर में लोकप्रिय हो गया था। पॉप कल्चर को बढ़ावा देने में इसका अहम योगदान रहा। नई पीढ़ी में इस म्यूजिक प्लेयर की लोकप्रियता को देखते हुए बाद में इसके कई संस्करण बाजार में उतारे गए। इनमें आइपॉड मिनी (iPod Mini), आइपॉड नैनो (iPod Nano), आइपॉड शफल (iPod Shuffle) और आइपॉड टच (iPod Touch) शामिल हैं। आखिरी बार 28 मई 2019 में सेवेन्थ जेनरेशन आइपॉड टच लॉन्च किया गया था। हर नए मॉडल की लॉन्चिंग के वक्त लोगों में काफी उत्साह रहता था। मूल आइपॉड में 5 जीबी कैपेसिटी और फायरवायर कनेक्शन था। कंपनी ने 2003 में आइट्यूंस ऐप का विंडोज वर्जन पेश किया। यह भी काफी लोकप्रिय हुआ। बाद में आइफोन की बढ़ती लोकप्रियता के कारण आइपॉड के प्रति एपल की दिलचस्पी घटती चली गई।

स्मार्टफोन ने फीकी कर दी रंगत
स्मार्टफोन का दौर शुरू होने के बाद आइपॉड की मांग घटने लगी थी। इसीलिए पिछले दो साल से एपल ने आइपॉड का कोई नया संस्करण लॉन्च नहीं किया। आइपॉड की कीमत करीब 19,600 रुपए है, जबकि इस कीमत के कई एंड्रॉयड स्मार्टफोन बाजार में उपलब्ध हैं। ऐसे में सिर्फ संगीत सुनने के लिए आइपॉड पर खर्च करना ज्यादातर लोगों को महंगा सौदा लग रहा था।

जब मुफ्त मिले, तो ये क्यों लें...
भारतीय मोबाइल बाजार में कई म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म मुफ्त में उपलब्ध हैं। इनमें जियो सावन, विंक म्यूजिक, यूट्यूब जैसे कई विकल्प मौजूद हैं। यूजर्स इन्हें मोबाइल में इंस्टॉल करने के बाद मुफ्त में संगीत सुनने का आनंद उठा सकते हैं। हालांकि, यहां संगीत के बीच-बीच में विज्ञापन जरूर अवरोधक बनते हैं।