11 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बीपी की नकली दवा जयपुर के बाजार में, 50 हजार स्ट्रिप से ज्यादा हुई सप्लाई, सरगना गिरफ्तार

नकली दवा प्रकरण: शहर में 50 हजार स्ट्रिप से ज्यादा दवाई सप्लाई की, 21 हजार स्ट्रिप को पुलिस और औषधि नियंत्रण अधिकारी ने किया जब्त, सरगना गिरफ्तार

less than 1 minute read
Google source verification
बीपी की नकली दवा जयपुर के बाजार में, 50 हजार स्ट्रिप से ज्यादा हुई सप्लाई, सरगना गिरफ्तार

बीपी की नकली दवा जयपुर के बाजार में, 50 हजार स्ट्रिप से ज्यादा हुई सप्लाई, सरगना गिरफ्तार

देवेन्द्र शर्मा / जयपुर। शहर में ब्लड प्रेशर की नकली दवाएं सप्लाई करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसने शहर में 50 हजार स्ट्रिप से ज्यादा दवाई सप्लाई की थी। जिनमें से 21 हजार स्ट्रिप को पुलिस और औषधि नियंत्रण अधिकारी ने जब्त की थी। एडीसीपी धर्मेन्द्र सागर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी भूपेन्द्र कुमार शर्मा (38) मूलत: खेडली हाल स्वेज फार्म सोड़ाला का रहने वाला है।


गत 9 अगस्त को दर्श फार्मा पर कार्रवाई के दौरान 21 हजार स्ट्रिप नकली लोसार एच टेबलेट बरामद की गई थी। फर्म के मालिक विनय मंगल ने उक्त दवा श्रीगणपति एंटरप्राइजेज चांदनी चौक दिल्ली के मालिक भूपेन्द्र शर्मा से क्रय करने का बिल पेश किया था। पुलिस ने वहां दबिश दी तो आरोपी नहीं मिला।

करवा चौथ को भूपेन्द्र के अलवर के रास्ते जयपुर आने की सूचना मिली थी। वह स्वेज फार्म स्थित मकान पर पहुंचता। महेश नगर थाना पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर सुपुर्द किया। पूछताछ में उसने रूडकी से दवा लेकर सप्लाई करने की बात कही थी, जिसके चलते उसे रूडकी लेकर गए और तस्दीक करवाई गई तो अन्य आरोपी नहीं मिला। एडीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पिछले दो साल से जयपुर में नहीं रह रहा था। वह फर्जी पेंशन डायरी प्रकरण सहित धोखाधड़ी के अन्य मामलों में भी पूर्व में गिरफ्तार हो चुका है। सोड़ाला, मोतीडूंगरी सहित अन्य थानों में भी वांछित चल रहा है। मामले में अन्य आरोपियों की भी तलाश की जा रही है।