
लेकसिटी में 10 दिवसीय तीसरा फूल महोत्सव (फ्लावर शो) 25 दिसम्बर को शुरू होगा। शो देखने आने वाले बच्चों को जिला प्रशासन 3 जनवरी तक प्रतिदिन फूलों के एक हजार पौधे निशुल्क बांटेगा। पुष्प प्रदर्शनी इस बार फतहसागर के साथ दूधतलाई पर भी लगेगी। इसमें 100 से अधिक किस्मों के देशी-विदेशी फूलों के पौधे देखने को मिलेंगे। इनमें कई दुर्लभ किस्में भी होंगी। उद्यानविज्ञ सुबोध लोढ़ा ने बताया कि महोत्सव में स्थानीय पौधों के साथ बीस से अधिक ऐसे पौधों को शामिल किया जाएगा, जो दुर्लभ प्रजाति के हैं। इनमें पॉनसेटिया, लिलिअम ऑरिअन्टल, ऐंथेरियम, गुजमानिया, अमेरिका का बेपोनिया, थाईलैंड का गिंजर लिली, जरबेरा, पेंटोस, कलेंचोई, रोसेस मिनी, क्राइसेंथिनम, पेटुनिआ व आस्ट्रेलिया का ग्राफ्टेड केक्ट्स प्रमुख हैं।
लगाएं प्रदर्शनी
एनएलसीपी के टीम लीडर बीएल कोठारी ने बताया कि प्रदर्शनी के लिए शहर की केशव, जड़ाव, बड़ौदा, प्लान्ट किंगडम, यूनिक आदि नर्सरीयों को आमंत्रित किया गया है। नगर निगम, सार्वजनिक निर्माण विभाग, पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से भी प्रदर्शनी लगाई जाएगी। महोत्सव में सरकारी, गैर सरकारी संस्थाओं सहित कोई भी व्यक्ति प्रदर्शनी लगा सकेगा। घर पर नर्सरी लगाने वाले लोग भी प्रदर्शनी में भाग ले सकेंगे।
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
