
जयपुर. चैत्र शुक्ल तृतीया पर गुरुवार को प्रीति, आयुष्मान व रवि योग में गणगौर का पर्व मनाया जाएगा। इस दिन महिलाएं गणगौर का पूजन कर सुख-समृद्धि व अखंड सौभाग्य की कामना करेंगी। शाम को जनानी ड्योढ़ी से गणगौर की शाही सवारी निकलेगी। शाही ठाठ-बाट के साथ निकलने वाली गणगौर माता की सवारी के दौरान लोकरंग भी बिखरेंगे। इससे एक दिन पहले आज राजधानी जयपुर में राज योग में सिंजारा पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। महिलाएं सौलह शृंगार कर हाथों में मेहंदी रचा रही है। इस मौके पर नवविवाहित युवतियों के ससुराल पक्ष से सिंजारा भेजा गया। इसमें घेवरों के साथ सुहागिनों की पोशाक, आभूषण और सुहाग सामग्री भेजी गई। बाजारों में घेवर खरीदने वालों की सुबह से ही भीड़ नजर आ रही है। महिलाएं शाम को गणगौर माता को घेवर का भोग लगाएंगी।
ठाकुरजी को लगाया घेवरों का भोग
सिंजारे पर शहर के मंदिरों में भी कई आयोजन हो रहे हैं। गोविंददेवजी मंदिर में राजभोग झांकी में खीर-घेवर का भोग लगाया गया। चांदपोल बाजार स्थित मंदिर श्रीरामचंद्रजी में चल रहे रामजन्मोत्सव के तहत आज सिंजारा महोत्सव मनाया गया। महिलाओं ने सिंजारा पूजकर मेहंदी लगाई। चांदनी चौक के मंदिर श्री ब्रजनिधिजी व आनंद कृष्ण बिहारीजी मंदिर में सिंजारा मनाया गया। राधाजी को घेवर का भोग लगाने के साथ ही मेहंदी रचाई गई।
ईसर-गणगौर की होगी पूजा
ज्योतिषाचार्य पं. सुरेश शास्त्री ने बताया कि प्रीति, आयुष्मान व रवि योग में गुरुवार को गणगौर पर्व मनाया जाएगा। इस दिन ईसर-गणगौर की पार्वती व शिव के रूप में पूजा की जाएगी। विवाहित महिलाएं अखंड सुहाग की कामना के लिए व्रत रखकर गणगौर पूजन करेंगी। वहीं कुंवारी कन्याएं सुयोग्य वर की प्राप्ति के लिए पूजा करेंगी और उन्हें भोग स्वरूप गुणा-सकरपारा, घेवर अर्पित किए जाएंगे। इस दिन उद्यापन करने वाली महिलाएं 16 सुहागिनों को भोजन कराकर उपहार स्वरूप भेंट देंगी।
लवाजमे के साथ निकलेगी सवारी
गणगौर के दिन जनानी ड्योढी से शाही लवाजमे के साथ परंपरागत गणगौर की सवारी निकलेगी। यह सवारी 11 व 12 अप्रेल को दोनों दिन शाम 5:45 बजे जनानी ड्योढ़ी से निकाली जाएगी। नगर निगम व पर्यटन विभाग की ओर से सवारी को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। पर्यटन विभाग के अनुसार विदेशी सैलानियों के लिए त्रिपोलिया गेट के सामने स्थित हिंद होटल के बाहर बैठने का इंतजाम किया गया है। सवारी के दौरान प्रदेश भर से 100 से अधिक लोक कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।
Published on:
10 Apr 2024 02:57 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
