
Jaipur News: जयपुर के विद्याधर नगर थाना पुलिस ने मंगलवार को गैस सिलेंडर और बाइक चुराने के मामले में दो भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चुराए हुए 31 गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। दोनों आरोपी एक ही दिन में दो से तीन वारदात अंजाम देते थे। दो महीने में आरोपियों ने 60 वारदात करना स्वीकार किया है।
डीसीपी (उत्तर) राशि डोगरा डूडी ने बताया कि गिरतार आरोपी अजय सोनी और संजय सोनी कुचामन सिटी के रहने वाले हैं। दोनों आरोपी ब्रह्मपुरी इलाके में किराए के मकान में रहकर चोरी करते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 बाइक भी बरामद की हैं।
थानाधिकारी राकेश यालिया ने बताया कि आरोपियों ने ज्यादातर वारदात विद्याधर नगर, बनीपार्क, मुरलीपुरा, झोटवाड़ा और शास्त्री नगर इलाके में की है। कच्ची बस्तियों में रहने वाले मजदूरों को खाली सिलेंडर 1 हजार और भरा हुआ 2 हजार रुपए में बेच रहे थे। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मौज-मस्ती के लिए चोरी की वारदात करते थे। आरोपियों ने एक बाइक विधानसभा के सामने से चुराई थी।
Updated on:
11 Dec 2024, 8:13 AM IST
Published on:
11 Dec 2024, 8:13 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.