पानी का बिल बढ़ाने की तैयारी में प्रदेश सरकार
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता लक्ष्मीकांत भारद्वाज ने कहा है कि जनता को मुफ्त पानी देने का वादा करने वाली सरकार अब पानी के बिल को दुगुना करने की तैयारी कर रही है।
भारद्वाज ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार ने जनहित में पानी के बिल में बढ़ोतरी को रोक कर रखा था, लेकिन कांग्रेस सरकार बनने के बाद जलदाय विभाग इसे दुगुना करने की तैयारी कर रहा है। कुछ दिन पहले ही सरकार ने घोषणा की थी कि प्रदेश की जनता को मुफ्त पानी दिया जाएगा। सरकार की ओर से कहा गया था कि बिजली की दरों में किसी भी प्रकार की कोई बढ़ोतरी पूरे पांच साल में नहीं की जाएगी। पहले बिजली के बिलों में 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी की और अब पानी के बिल बढ़ाने की तैयारी कर सरकार ने आम आदमी की कमर तोडऩे की तैयारी कर ली है। उन्होंने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के बाद प्रदेश में कई वर्षों बाद बिजली एवं पानी की कटौती आम हो गई है। महंगा बिल चुका कर भी लोगों को बिजली और पानी नहीं मिल पा रहा है।