
जयपुर। प्रदेशभर के सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें कक्षा 10 और कक्षा 12 पढ़ने के लिए दूसरे गांव में या निजी स्कूल में नहीं जाना होगा। अब उन्हें अपने नजदीकी सरकारी स्कूल में ही प्रवेश मिल सकेगा। सरकार ने हाल ही एक आदेश जारी नव क्रमोन्नत राजकीय माध्यमिक एवं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कक्षा 9 और 11 के साथ ही कक्षा 10 और 12 संचालित करने की सहमति दी है। इन स्कूलों में इसी सत्र से ये कक्षाएं शुरू हो सकेंगी। लेकिन सरकार ने ये आदेश जारी करने में करीब ढाई माह की देरी कर दी। सत्र शुरू होने की साथ ही सरकार को ये आदेश जारी कर देने चाहिए थे। अब तो अधिकांश विद्यार्थी कक्षा 10 और कक्षा 12 में दूसरे सरकारी या फिर निजी स्कूलों में प्रवेश ले चुके हैं।
ये होगा फायदा
सरकार ने इस साल उच्च प्राथमिक से माध्यमिक में करीब 800 स्कूल और माध्यमिक से उच्च माध्यमिक में करीब 1050 स्कूलों को क्रमोन्नत किया है। इसी साल माध्यमिक में क्रमोन्नत हुए स्कूलों में अभी कक्षा 9 और उच्च मध्यमिक में क्रमोन्नत हुए स्कूल में अभी सिर्फ कक्षा 11 ही संचालित हो रही है। लेकिन अब माध्यमिक में कक्षा 10 और उच्च माध्यमिक में कक्षा 12 भी इसी साल से शुरू हो सकेंगी।
इसलिए पड़ी जरूरत
सरकार चुनावी साल में हर वर्ग को खुश करने में लगी है। इसी कड़ी में एक कदम है नवक्रमोन्नत स्कूलों में एक ही साथ दोनों कक्षाएं शुरू करना। जानकारों के अनुसार दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्र में बहुत से ऐसे विद्यार्थी हैं जिनके आसपास कक्षा 10 और कक्षा 12 तक का सरकारी स्कूल नहीं है, जिसकी वजह से वे इस बार पढ़ाई छोड़ने को मजबूर हो रहे थे। इसमें छात्राओं की संख्या अधिक बताई जा रही है। अब सरकार ने इसी सत्र से नवक्रमोन्नत स्कूलों में कक्षा 9 के साथ कक्षा 10 और कक्षा 11 के साथ ही कक्षा 12 शुरू करने के आदेश जारी कर दिए हैं।