जयपुर। शहर के आराध्य गोविंददेवजी मंदिर में फाग का उल्लास नजर आने लगा है। होलिकोत्सव के साथ फाग परवान चढ़ रहा है। होली की धमाल के बीच नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति से भक्त गोविंददेवजी के दरबार में हाजिरी लगा रहे है। चार दिवसीय फागोत्सव के दूसरे दिन आज करीब दो दर्जन से अधिक कलाकार अपनी प्रस्तुति से गोविंददेवजी को रिझाएंगे, वहीं 2 मार्च को मंदिर में बरसाने की लट्ठमार होली साकार होगी।
मंदिर प्रवक्ता मानस गोस्वामी ने बताया कि फागोत्सव में होलिकोत्सव की शुरुआत हो गई है। ठाकुरजी के समक्ष फाग के रंग बिखर रहे हैं। पहले दिन कलाकारों ने सत्संग भवन में नृत्य और गायन की प्रस्तुतियां देकर ठाकुरजी को रिझाया, वहीं भजन गायकों ने फाल्गुनी भजनों की स्वर लहरियां बिखेरी। नर्तक-नृत्यांगनाओं ने अपनी प्रस्तुति से लोक नृत्य के माध्यम से भावाभिव्यक्ति दी।
कार्यक्रम संयोजक गौरव धामानी ने बताया कि चार दिवसीय होलिकोत्सव में करीब 400 कलाकार भजनों और नृत्य की प्रस्तुतियां दे रहे है। ठाकुरजी के दरबार में हिंदू, मुस्लिम और जैन समुदाय के कलाकार अपनी धार्मिक प्रस्तुतियों से सांप्रदायिक सौहार्द की मिशाल पेश करेंगे। इस बीच 2 मार्च को बरसाने की लट्ठमार होली साकार होगी। अविनाश शर्मा के निर्देशन में करीब 60 कलाकार लट्ठमार होली को साकार करेंगे। इनमें भरतपुर के कलाकारों की विशेष प्रस्तुति होगी।
आज ये कलाकार दे रहे है प्रस्तुति
कार्यक्रम संयोजक गौरव धामाणी ने बताया कि होलिकोत्सव के दूसरे दिन आज पं. जगदीश शर्मा, आलोक भट्ट, मोहन बालोदिया, कुंज बिहारी जाजू, गोपाल सिंह राठौड़, पूजा राठौड़, माही राठौड़, दीपक माथुर, गौरव-दीपशिखा जैन गायन की प्रस्तुति देंगे, वहीं अविनाश शर्मा, मुकेश गंगानी, श्वेता गर्ग, चेतन जबड़ा, संगीता मित्तल, वर्तिका तिवारी, अंजु माथुर, सोहन तंवर, ऋचा गुप्ता, घनश्याम गंगानी नृत्य की मनोहारी प्रस्तुतियां देंगी।
पुष्प फागोत्सव में होगी भजनों की अमृत वर्षा
मंदिर के प्रवक्ता मानस गोस्वामी ने बताया कि पुष्प फागोत्सव का कार्यक्रम 3 व 4 मार्च को होगा। भजन सम्राट बाल व्यास श्रीकांत शर्मा दोपहर एक से शाम 4:30 बजे तक भजनों की अमृत वर्षा करेंगे। कलाकार फाल्गुनी नृत्य की प्रस्तुतियां देंगे।
होली पद अनुष्ठान 5 मार्च को
फागोत्सव में 5 मार्च को होली पद का विशेष कार्यक्रम होगा। कोलकाता के मालीराम शास्त्री दोपहर एक से शाम 4:30 बजे तक भजनों की स्वर लहरियां बिखरेंगे। भजनों के माध्यम से गोविंददेवजी को रिझाया जाएगा। इस बीच विशेष नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।
6 मार्च को गुलाल होली
गोविंददेवजी मंदिर में 6 मार्च को गुलाल होली का आयोजन होगा। ठाकुरजी राधेरानी के संग होली खेलते नजर आएंगे। इस खुशी में भक्त भी होली के रंग में सराबोर होंगे। मंदिर में भक्त भी ठाकुरजी के संग होली खेलते नजर आएंगे।