जयपुर। राजस्थान से हज की यात्रा पर जाने वालों की ख्वाहिश जल्द पूरी होने की उम्मीद जागी है। हज 2023 के आवेदनों की आखिरी तारीख पूरी हो चुकी है। पिछले डेढ़ महीने में 6163 हज आवेदन राजस्थान से प्राप्त हुए हैं। राजस्थान राज्य हज कमेटी के अधिकारियों के मुताबिक इसमें से कुल 6108 कवर जारी कर दिए गए हैं, शेष को शीघ्र जारी कर दिए जाएंगे। इसके साथ ही हज के सफर की तैयारियों को चाकचौबंद किया जा रहा है। साथ ही विस्तृत दिशा-निर्देश भी जारी होंगे। इसके बाद केंद्रीय हज कमेटी की पालना यात्रियों से करवाई जाएगी।
हज हाउस में यात्रियों का ठहराव
राजस्थान के हज यात्री पुनः जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सउदी अरब के लिए उड़ान भरेंगे। इसके साथ ही हज हाउस में भी यात्रियों के ठहराव के लिए विकास कार्यों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। राजस्थान राज्य हज कमेटी चेयरमैन अमीन कागजी के मुताबिक हज यात्रियों को सफर के दौरान कोई परेशानी न हो। इसके लिए पूरा ध्यान रखा जा रहा है। सभी तैयारियां समय से पूरी करवा ली जाएगी। हज पर जाने वालों की जल्द ही लॉटरी खुलेगी।