15 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Hanuman Jayanti 2024: चांदी की पोशाक धारण करेंगे खोले के हनुमान जी, जानें शहरभर के मंदिरों की तैयारियां

भगवान हनुमान का जन्मोत्सव चैत्र पूर्णिमा पर मंगलवार को मनाया जाएगा। इस दिन मंदिरों में बजरंगबली की विशेष आराधना होगी। हनुमानजी का अभिषेक कर षोड्शोपचार पूजन किया जाएगा। मंदिरों में सुंदरकांड के पाठ होंगे।

2 min read
Google source verification

जयपुर

image

Savita Vyas

Apr 22, 2024

जयपुर। अंजनी पुत्र भगवान हनुमान का जन्मोत्सव चैत्र पूर्णिमा पर मंगलवार को मनाया जाएगा। इस दिन मंदिरों में बजरंगबली की विशेष आराधना होगी। हनुमानजी का अभिषेक कर षोड्शोपचार पूजन किया जाएगा। मंदिरों में सुंदरकांड के पाठ होंगे। शहर के हनुमान मंदिरों में हनुमान चालीसा की चौपाइयां गुंजायमान होंगी। हनुमान मंदिरों में मध्य रात्रि 12 बजे केसरी नंदन का औषधी युक्त द्रव्यों व दुग्धाभिषेक के बाद शुद्ध स्नान करवा कर सिंदुर का चौला चढ़ाया जाएगा। इसके बाद हनुमानजी को नवीन पोशाक धारण करवा ऋतु पुष्पों से मनोहरी शृंगार किया जाएगा। इस मौके मंदिर परिसर को रंगीन रोशनी, बांदरवालों व गुब्बारों से सजाया गया। शहर के काले हनुमानजी मंदिर, खोले के हनुमानजी मंदिर, घाट के बालाजी, चांदपोल हनुमान मंदिर, सांगानेरी गेट स्थित पूर्व व पश्चिमी मुखी मंदिर सहित अन्य प्रमुख मंदिरों में हनुमानजी जन्मोत्सव का उल्लास नजर आएगा। इससे पहले खोले के हनुमानजी मंदिर सहित अन्य मंदिरों में आयोजन शुरू हो गए हैं। मंदिरों में विशेष सजावट की गई है।

108 औषधियुक्त द्रव्यों से होगा अभिषेक

खोले के हनुमानजी मंदिर में रविवार से पांच दिवसीय समारोह की शुरुआत हुई । नरवर सेवा समिति के महामंत्री बृजमोहन शर्मा ने बताया कि रविवार शाम सात बजे पद्मश्री गुलाबो सपेरा कालबेलिया नृत्य की प्रस्तुति दी। वहीं, जुगल किशोर सैनी ने भक्तिरस बरसाया। आज शाम सात बजे पद्मश्री मुन्ना मास्टर और पंडित रतन मोहन शर्मा भजनों की प्रस्तुति देंगे। इसी प्रकार आज शाम सात बजे भक्ति संध्या का आयोजन होगा। 23 अप्रेल को हनुमान जन्मोत्सव का मुख्य आयोजन होगा। सुबह सात बजे हनुमानजी का 108 औषधियुक्त द्रव्यों व विभिन्न तीर्थो के जल से मंत्रोच्चारण के साथ अभिषेक किया जाएगा। मध्याह्न 12 बजे विशेष उत्सव आरती व दोपहर 2 से 5 बजे तक हवन का आयोजन होगा। हनुमान जी को चांदी की पोशाक धारण कराई जाएगी। वहीं 24 अप्रेल को शाम 7 से 10 बजे तक आकांक्षा राव की प्रस्तुति होगी।

चार धाम के होंगे दर्शन

अंबाबाड़ी स्थित संकटमोचन हनुमान मंदिर में आज से हनुमान जन्मोत्सव के दो दिवसीय आयोजनों की शुरुआत होगी। मंदिर में भक्तों को चार धाम गंगोत्री, यमनोत्री, बद्रीनाथ, केदारनाथ के साथ ही भोलेनाथ के दर्शन होंगे। वृंदावन व जयपुर के कलाकार झाकियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया कि मंदिर के बाहर चारधाम यात्रा की सजीव झांकी, केवट श्रीराम संवाद के साथ ही माता शबरी के भगवान राम को बेर खिलाने की झांकी सजाई जा रही है। मंगलवार सुबह सात बजे बालाजी का पंचामृत अभिषेक किया जाएगा। हनुमानजी को नवीन पोशाक धारण करवा देसी-विदेशी फूलों से श्रृंगार किया जाएगा। भक्तों को बूंदी का प्रसाद वितरित किया जाएगा।

हाथोज में तीन दिवसीय उत्सव

श्री दक्षिण मुखी बालाजी मंदिर हाथोज धाम में तीन दिवसीय हनुमान जन्मोत्सव स्वामी बालमुकुंदाचार्य के सान्निध्य में मनाया जा रहा है। श्री बालाजी कल्याण सेवा ट्रस्ट के प्रवक्ता ने बताया कि आज बालाजी का पंचामृत अभिषेक कर तुलसी दल बजरंग नामावली द्वारा अर्पित किया जाएगा। पूर्णिमा पर हनुमान जन्मोत्सव पर 56 भोग एवं फूल बंगला झांकी सजाई जाएगी।