
Heavy Rain Alert
जयपुर। तेज रफ्तार से चल रही पश्चिमी हवा के असर से मानसूनी बादलों ने पूर्वी राजस्थान के जिलों में डेरा डाल दिया है। ऐसे में पूर्वी जिलों में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में जयपुर समेत पूर्वी राजस्थान के लगभग जिलों में तेज बारिश होने की चेतावनी दी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तर प्रदेश के मध्य भागों में चक्रवाती तंत्र सक्रिय है और दिल्ली एनसीआर क्षेत्र, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड समेत पूर्वी राजस्थान में भारी बारिश होने की संभावना है।
इन जिलों में अगल 24 घंटे में भारी बारिश!
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में अलवर, बारां, भरतपुर, बूंदी, दौसा, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनू, करौली, कोटा, सीकर और टोंक जिलों में भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। वहीं देश में मौसम विभाग के पूर्वानुमानों के अनुसार अगले 48 घंटों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल, असम, मेघालय, पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी बारिश की संभावना है। हालांकि राजधानी में बीते दो दिन से बादल छाए रहने पर भी झमाझम बारिश का बेसब्री से इंतजार हो रहा है। लेकिन हवा में सौ फीसदी नमी होने पर मौसम सुहावना है और गर्मी व उमस से शहरवासियों को राहत मिल रही है। स्थानीय मौसम केंद्र के अनुसार शहर में आज बादल छाए रहने व मेघगर्जन के साथ बारिश होने की संभावना है। वहीं झालावाड़ में आज शुक्रवार सुबह से ही रिमझिम बारिश का दौर चल पड़ा है।
पहाड़ों से मैदान तक जमकर बरसे बादल
उत्तर भारत से लेकर पश्चिम बंगाल में गुरुवार को भारी बारिश हुई। तेज बारिश के कारण राजधानी दिल्ली में कई स्थानों पर जलभराव हो गया और यातायात प्रभावित रहा। इसके अलावा उत्तर प्रदेश, हिमाचल, महाराष्ट्र के साथ ही दिल्ली, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद में बुधवार रात और गुरुवार सुबह भारी बारिश हुई है। वहीं, गाजियाबाद में गुरुवार सुबह 6 से 11 बजे के बीच जबरदस्त बारिश से सडक़ों और घरों तक में पानी भर गया।
Updated on:
27 Jul 2018, 3:57 PM IST
Published on:
27 Jul 2018, 9:17 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.