
अफसर बदले तो Jaipur City के बाजार-गलियों में फिर से 'कचरा', धरातल पर नहीं उतरा नगर निगम का प्लान
जयपुर। हैरिटेज नगर निगम में अफसर बदले तो परकोटे के बाजारों के साथ मुख्य मार्गों को 'कचराडिपो से फ्री सिटी' बनाने का प्लान भी धरातल पर नहीं उतरा। कचरा डिपो पर फूलवारी और हरियाली करना तो दूर, वहां खड़े रहने वाले हूपर और गार्ड भी हटा दिए गए है। नतीजा, शहर के मुख्या बाजारों में फिर से कचरा डिपो नजर आने लगे है। जगह—जगह कचरा डिपो से शहर की सफाई व्यवस्था की पोल भी सामने आ रही है, वहीं लोग इससे परेशान भी है।
हैरिटेज नगर निगम ने कुछ माह पहले ही परकोटे के बाजारों के साथ अन्य बाजारों से कचरा डिपो हटाने का प्लान तैयार किया। इसके लिए निगम प्रशासन ने 'कचराडिपो से फ्री सिटी' का खाका तैयार किया। इसे मूर्त रूप देने के लिए कचरा डिपो पर हूपर खड़े किए गए और वहां गार्ड तैनात किए गए, ताकि डिपो पर कचरा आने पर उसे सीधे हूपर में डाला जा सके और लोगों से समझाइश भी की गई कि अब कचरा घर—घर आने वाले हूपर में ही डाले। इसके बाद इन कचरा डिपो पर पौधों के गमले रखवाने का प्लान तैयार किया, लेकिन निगम प्रशासन में अफसर क्या बदलें, यह प्लान फेल होता नजर आ रहा है।
हूपर व गार्ड हटाए, हरियाली भी नहीं
निगम प्रशासन ने कचरा डिपो से हूपर हटा लिए है। वहीं वहां तैनात गार्ड भी हटा दिए है। इन कचरा डिपो पर निगम प्रशासन ने हरियाली करने के लिए पौधों के गमले भी नहीं रखवाए, जिससे प्लान पूरी तरह धरातल पर नहीं उतर पाया। अगर यह प्लान सफल रहता तो शहर को कुछ हद तक कचरा डिपो मुक्त किया जा सकता था, लेकिन हकीकत यह है कि शहर में फिर से सड़कों और बाजारों में कचरा डिपो नजर आने लगे है।
यह था निगम का प्लान
हैरिटेज निगम प्रशासन ने बाजार व गलियों से कचरा डिपो को पूरी तरह से हटाने का प्लान तैयार किया। प्लान के तहत सबसे पहले किशनपोल जोन और आदर्श नगर जोन क्षेत्र के बाजार और गलियों को कचरा डिपो मुक्त बनाने की तैयारी शुरू की। इसके लिए कचरा डिपो पर एक—एक हूपर खड़े कर वहां एक—एक कर्मचारी भी तैनात किया गया। कचरा डिपो पर कचरा डालने आने वालों से सीधे ही हूपर में कचरा डलवाया गया और लोगों से कचरा सड़क पर नहीं डालने के लिए समझाइश की गई। निगम प्रशासन ने किशनपोल जोन व आदर्श नगर जोन क्षेत्र में 16 से 20 अतिरिक्त हूपर भी दिए।
सफाई व्यवस्था को बेहतर करने का प्रयास
हैरिटेज नगर निगम के उपायुक्त स्वास्थ्य नूर मोहम्मद का कहना है कि सफाई व्यवस्था को बेहतर करने का प्रयास किया जा रहा है। कचरा डिपो कम कर दिए गए है, इसे और कम किया जा रहा है। कचरा डिपो पर अभी एक—दो जगह ही गार्ड लगे हुए है। हूपर भी एक—दो जगह ही खड़े हो रहे है।
Published on:
07 Oct 2023 10:56 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
