जयपुर

जेएलएन मार्ग की आधुनिकता में हैरिटेज का तड़का

सात किमी मार्ग पर पारंपरिक लुक में दिखेंगे डिवाइडर, दिवाली से पहले रोड की अलग रंगत सामने आने लगेगी
 

जयपुरOct 24, 2020 / 09:26 pm

Amit Pareek

जेएलएन मार्ग

जयपुर. राजधानी के सबसे विशिष्ट और आधुनिक कहे जाने वाले जवाहरलाल नेहरू मार्ग (जेएलएन) के दिन फिरने वाले हैं। यदि सब कुछ ठीक रहा तो बहुत जल्द इस रोड की अलग रंगत दिखेगी जिसमें पारंपरिक शहर का हैरिटेज लुक भी शामिल हो जाएगा। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) जेएलएन मार्ग के डिवाइडर को नई शक्ल देने जा रहा है। साथ ही ग्रीनरी पर भी खास फोकस रहेगा।
जानकारी के मुताबिक जेडीए काफी समय से रामनिवास बाग से जवाहर सर्किल तक सात किमी लंबे जेएलएन मार्ग के डिवाइडर में बदलाव पर मंथन कर रहा है। वास्तव में जेडीए डिवाइडर को ऊंचा करने के साथ हैरिटेज लुक देना चाहता है। अब इसी की कवायद शुरू हो गई है। जेडीए अधिकारियों के अनुसार डिवाइडर को सड़क से दो फीट ऊंचा बनाया जाएगा। दिवाली से पहले शुरू होने वाले इस प्रोजेक्ट पर डेढ़ करोड़ का खर्चा आने का अनुमान है। डिवाइडर पर पिंकसिटी की झलक भी देखने को मिलेगी। इसके ऊपरी भाग को हैरिटेज लुक दिया गया है जिस पर पारंपरिक गुलाबी रंग किया जाएगा। डिवाइडर के निचले भाग में यातायात नियमों के अनुसार काली-सफेद पट्टियां होंगी।
ग्रीनरी पर भी रहेगा फोकस
बताया जा रहा है कि डिवाइडर में बदलाव की इस पूरी कवायद में हरियाली को जरा भी नुकसान न पहुंचे इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा। डिवाइडर बनने के बाद इसमें फिर से मिट्टी का भराव होगा और हरियाली को और बेहतर किया जाएगा। यानी हैरिटेज के साथ जेएलएन मार्ग की हरियाली को भी नई रंगत दी जाएगी।
इस कारण करना पड़ा निर्णय
जेएलएन मार्ग पर बरसों से सड़क को बिना उधेड़े डामर की परत बिछाई जा रही है। इस कारण सड़क और डिवाइडर में अंतर खत्म सा हो गया। ऐेसे में बहुत से वाहन चालक नियमों को धता बता डिवाइडर के दूसरी ओर कूद जाते हैं। इस तरह की हरकत के दौरान हादसों की आशंका बनी रहती है। इसी को ध्यान में रख डिवाइडर को ऊंचा बनाया जा रहा है।

Home / Jaipur / जेएलएन मार्ग की आधुनिकता में हैरिटेज का तड़का

Copyright © 2024 Patrika Group. All Rights Reserved.