
एसओजी की गिरफ्त में 4 आरोपी, पत्रिका फोटो
IOCL Pipeline Oil Theft: स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आइओसीएल) की पाइपलाइन से पेट्रोल चोरी करने के एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। अगस्त-2023 में पाली जिले के रामगढ़ गांव में हुई इस वारदात के मामले में एसओजी ने मुख्य आरोपी सहित 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अहमदाबाद निवासी तकनीकी एक्सपर्ट अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। जिसकी सरगर्मी से तलाश जारी है।
एसओजी एडीजी विशाल बंसल ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में सेन्दड़ा, ब्यावर निवासी जितेन्द्र सिंह उर्फ जीतू, देवेन्द्र सिंह, प्रताप शेर सिंह और प्रेम सिंह शामिल हैं। इनमें से प्रेम सिंह पहले भी पेट्रोलियम चोरी के 5 मामलों में संलिप्त रहा है। पांच अगस्त 2023 को आइओसीएल प्रबंधक शेर सिंह चौहान की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था। आरोपियों ने पाइपलाइन को पंचर कर वाल्व और फ्लेंज पाइप वेल्डिंग के जरिए तेल चोरी का तंत्र विकसित किया था।
आरोपियों ने चोरी की इस वारदात को छिपाने के लिए वाल्व के ऊपर मिट्टी डालकर खेत की जुताई कर दी थी। गिरोह ने अहमदाबाद के पंकज वाघेला को तकनीकी मदद के लिए बुलाया था, जिसने जनरेटर की मदद से पाइपलाइन में छेद कर वाल्व लगाया। हालांकि, तेल चोरी के प्रयास के दौरान टैंकर दलदली जमीन में फंस गया।
टैंकर निकालने की जद्दोजहद में खेत की स्थिति बिगड़ी, जिससे ग्रामीणों को संदेह हुआ और साजिश का भंडाफोड़ हो गया। एसओजी अब फरार आरोपी पंकज वाघेला की तलाश कर रही है, जिस पर अन्य राज्यों में भी कई प्रकरण दर्ज हैं। गिरफ्तार चारों आरोपियों को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
बीते फरवरी में ब्यावर जिले में लालपुरा घाटे के समीप इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOC) की पाइपलाइन में सेंध लगाकर तेल चोरी का बड़ा खुलासा हुआ था। पेट्रोल चोरी के लिए अवैध रूप से वाल्व लगाकर 120 मीटर लंबी समानातंर लाइन बिछाई गई थी। मामले में जिले के सेंदड़ा थाना पुलिस अवैध तेल चोरी में शामिल आरोपियों की पहचान और नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। मामले में पुलिस अब सेन्दड़ा, ब्यावर निवासी जितेन्द्र सिंह उर्फ जीतू की संलिप्तता को लेकर भी जांच कर रही है।
Updated on:
15 Mar 2026 08:28 am
Published on:
15 Mar 2026 08:23 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
