15 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jaipur News: पत्रिका की पड़ताल के बाद हरकत में आया प्रशासन, जयपुर में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर बड़ा एक्शन

Gas Cylinder Black Marketing: घरेलू गैस सिलेंडर की अवैध रिफिलिंग, ब्लैक मार्केटिंग और फर्जी डिलीवरी के मामले को राजस्थान पत्रिका में उजागर किए जाने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है।

2 min read
Google source verification
Gas Cylinder

संजय बाजार में गैस बुकिंग के लिए भीड़। फोटो: पत्रिका

जयपुर। घरेलू गैस सिलेंडर की अवैध रिफिलिंग, ब्लैक मार्केटिंग और फर्जी डिलीवरी के मामले को राजस्थान पत्रिका में उजागर किए जाने के बाद जिला प्रशासन हरकत में आ गया है। जिला कलक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी के निर्देश पर जयपुर शहर और ग्रामीण इलाकों में अवैध गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी पर सख्ती करते हुए त्रिस्तरीय जांच दल गठित किया गया है।

प्रशासन की ओर से गठित टीमों ने क्षेत्र में लगातार प्रवर्तन कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में 136 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। साथ ही अवैध रिफिलिंग और भंडारण में लिप्त आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में एफआइआर दर्ज कराई गई है।

जिला रसद अधिकारी, जयपुर द्वितीय संघमित्रा बरडिया ने बताया जांच दलों ने क्षेत्र में संचालित 25 से अधिक गैस एजेंसियों की भी जांच की है। जांच के दौरान सिलेंडर के भंडारण, वितरण और उपभोक्ताओं को की जाने वाली डिलीवरी के रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है, ताकि किसी प्रकार की गड़बड़ी सामने आने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

रामगंजः एक घर से 6 सिलेंडर बरामद

रामगंज थाना इलाके में एक व्यक्ति के पास 6 सिलेंडर मिले हैं। पुलिस ने इस मामले में लक्ष्मीनारायणपुरी निवासी बासुकी प्रसाद भगत को पकड़ा है। एसीपी (रामगंज) आदित्य पूनिया ने बताया कि एक मकान में सिलेंडर रखे होने की सूचना मिली थी। इस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। बरामद सिलेंडर में 2 व्यावसायिक और 4 घरेलू सिलेंडर थे। पूछताछ में आरोपी बासुकी यह नही बता पाया कि उसके पास ये सिलेंडर कहां से आए और वह इन सिलेंडर को किसे बेचना चाहता था।

उर्मिल गैस एजेंसी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

विशेष प्रवर्तन दल ने शुक्रवार को एयरपोर्ट रोड, सांगानेर क्षेत्र में चील गाड़ी रेस्टोरेंट के पास दबिश देकर घरेलू गैस सिलेंडर की अवैध रिफिलिंग का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान 83 घरेलू-व्यावसायिक सिलेंडर और एक पिकअप वाहन जब्त किए गए। जांच में उर्मिल गैस एजेंसी, लालकोठी की लिप्तता सामने आई।

इसके बाद एजेंसी, पिकअप चालक जगदीश लोहार और सप्लायर सुरेश कुमार बैरवा के खिलाफ सांगानेर थाने में एफआइआर दर्ज करवाई गई। दल ने मौके से 14 व्यावसायिक और 69 घरेलू सिलेंडर जब्त किए। जांच के दौरान लगभग 15 घरेलू सिलेंडर में करीब 2 किलो गैस कम पाई गई। विधिक माप विज्ञान अधिकारी (एलएमओ) को मौके पर बुलाकर सिलेंडर की जांच भी करवाई गई। कार्रवाई से यह स्पष्ट हुआ कि घरेलू से व्यावसायिक सिलेंडरों में अवैध रिफिलिंग कर कालाबाजारी की जा रही थी।

विशेष प्रवर्तन दल ये शामिल

टीम ए : कविता शर्मा प्रवर्तन अधिकारी व सुनीता चौधरी प्रवर्तन निरीक्षक
टीम बी : पूजा शर्मा व विजयलक्ष्मी शर्मा प्रवर्तन अधिकारी
टीम सी : निर्मला चौधरी प्रवर्तन अधिकारी, प्रिया गंगवानी प्रवर्तन निरीक्षक

सर्वर ठप, नहीं हो रही गैस बुकिंग, चूल्हे पर लौटे लोग

इंडेन गैस कंपनी का सर्वर शनिवार शाम तक भी नहीं सुधर सका और 22 घंटे से अधिक समय तक ठप रहा। उपभोक्ताओं ने 25 दिन बाद सिलेंडर बुक कराने की कोशिश की, लेकिन बुकिंग नहीं हो सकी। परेशान उपभोक्ता दौड़कर गैस एजेंसियों पर पहुंचे और सिलेंडर बुक करने की मांग की। हालांकि एजेंसी संचालकों ने स्पष्ट कर दिया कि बुकिंग केवल ऑनलाइन सिस्टम से ही होगी। इस कारण परकोटा समेत शहर की कई गैस एजेंसियों में दिनभर अफरा-तफरी का माहौल रहा। मुरलीपुरा निवासी मनीष सिंह ने बताया कि भारत गैस का कनेक्शन होने के बावजूद कई दिन से सिलेंडर बुक नहीं हो रहा, मजबूरी में अब चूल्हे पर खाना बनाना पड़ रहा है। अन्य उपभोक्ताओं ने भी यही कहा।

अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध रिफिलिंग, भंडारण और कालाबाजारी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जाए।
डॉ.जितेन्द्र कुमार सोनी, जिला कलक्टर

बड़ी खबरें

View All

जयपुर

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग