
हॉकी प्रो लीग : अर्जेंटीना को शूट आउट में 3-2 से हराया...भारत ने हासिल किया बोनस अंक
ब्यूनस आयर्स। स्टार गोलकीपर पीआर श्रीजेश के कुछ शानदार बचावों की बदौलत ओलंपिक चैंपियन अर्जेंटीना के खिलाफ शूट-आउट जीतने से पहले भारत के हरमनप्रीत सिंह ने निर्धारित समय का खेल खत्म होने से सिर्फ छह सेकंड पहले बराबरी का गोल करते हुए अपनी टीम को एफआईएच हॉकी प्रो लीग मुकाबले में बोनस अंक दिलाया। निर्धारित समय में मैच 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ और इसी कारण भारत को एक अंक के अलावा बोनस अंक भी प्राप्त हुआ। बाद में भारत ने शूटआउट में 3-2 से शानदार जीत दर्ज की।
इस मैच में हरमनप्रीत ने भारत को 1-0 की लीड दिलाई थी। इसके बाद मार्टिन फरेरो ने लगातार दो गोल करते हुए हाफटाइम तक मेजबान टीम को 2-1 की लीड दिला दी। ऐसा लग रहा था कि मेजबान यह मैच जीत लेंगे लेकिन निर्धारित समय की समाप्ति से पहले हरमनप्रीत ने पेनाल्टी कॉर्नर पर मैच का अपना दूसरा गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया। ड्रॉ ने प्रत्येक टीम के लिए एक अंक की गारंटी दी, लेकिन यह भारत था जो पीआर श्रीजेश से कुछ शानदार गोलकीपिंग के कारण अंतत: जीत हासिल करने में सफल रहा। दिलप्रीत सिंह के गोल से भारत ने 3-2 की जीत दर्ज की लेकिन उससे पहले श्रीजेश ने लुकास विला, मार्टिन फेरेइरो और इग्नासियो इटीज को गोल करने से नकारने के लिए शानदार बचाव किए।
मैच के बाद हरमनप्रीत ने कहा, इस मैच की खासियत हमारी लड़ाकू प्रवृति रही। हमने अंतिम समय तक उम्मीद बनाए रखा और यह परिणाम हासिल करने के लिए अंत तक कड़ी मेहनत की। हमारे लिए यह जीत काफी मायने रखती है। यह परिणाम भारत को अर्जेंटीना से आगे एफआईएच हॉकी प्रो लीग स्टैंडिंग में पांचवें स्थान पर लेकर आ गया है। भारत के सात मैचों से 12 अंक हैं। अर्जेंटीना ने 11 मैचों में 11 अंक हासिल किए और वह छठे स्थान पर है। दोनों टीमें रविवार देर रात को फिर से एक-दूसरे से भिड़ेंगी। भारतीय समयानुसार यह मैच रात 1.30 बजे से खेला जाएगा।
Published on:
11 Apr 2021, 7:37 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.