
फोटो: पत्रिका
Chomu Woman Dead Body Found: पुलिस कमिश्नरेट के क्षेत्र में रामपुरा डाबडी़ उपखंड कार्यालय के सामने से आनंदलोक योजना की तरफ जाने वाले मार्ग पर रेलवे अंडरपास के पास शराब की दुकान के पीछे सुनसान स्थल पर सोमवार सुबह संदिग्ध अवस्था में एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
सूचना पर चौमूं थाना अधिकारी हरविंदर सिंह, डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण, झोटवाड़ा एसीपी आलोक कुमार सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। टीम ने मौके से खून के नमूने सहित अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। मृतका के सिर से रक्त बह रहा था। उसके मुंह के कपड़ा ठूंसा हुआ था। मौके पर मृतका का कीपेड मोबाइल मिला है, जिसके आधार पर पुलिस पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस ने हत्या का मामला मानते हुए जयपुर से एफएसएल टीम को बुलाया। टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने चौमूं के उप जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजन को सौंप दिया। पुलिस ने बताया कि मोबाइल के जरिए मृतका के परिजन घटनास्थल पहुंचे और शव की पहचान हो गई है।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को बताया कि मृतका कई वर्षों से अपने पीहर में ही रह रही थी। उसकी शादी वर्ष 2006 में हुई थी, लेकिन 9 साल पहले दोनों का तलाक हो चुका था। उसका एक 16 वर्षीय बेटा है, जो उसके साथ ही रहता था। वह रविवार शाम 4:30 बजे बहन की शादी के लिए अपने बेटे से यह कहकर घर से निकली थी कि कपड़े खरीदने जा रही है। इसके बाद वह घर नहीं लौटी और अगले दिन उसका शव सुनसान इलाके में मिला।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर टाटियावास टोल प्लाजा की एंबुलेंस से चौमूं के उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया। थाना अधिकारी हरविंदर सिंह ने बताया कि मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद लगेगा। घटना के बाद चौमूं व हरमाड़ा थाना पुलिस सक्रिय हो गई है।
पुलिस जयपुर-सीकर हाईवे और आसपास के ढाबों, दुकानों व टोल प्लाजा के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि मृतका की अंतिम लोकेशन और संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाया जा सके। इधर, मृतका के भाई ने पुलिस थाने में हत्या का मामला दर्ज कराया है कि उसकी बहन रविवार शाम को घर से कपड़े खरीदने की कहकर निकली थी, लेकिन इसके बाद वह नहीं लौटी तो उसे तलाश किया, नहीं मिली।
सोमवार सुबह उसका शव मिलने की सूचना मिली। दर्ज मामले में आरोप लगाया है कि किसी व्यक्ति ने उसकी हत्या कर शव यहां फेंक दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
गौरतलब है कि टाटियावास टोल प्लाजा से लेकर जाहोता कस्बे तक आनंद लोक और स्वप्न लोक योजनाएं 5 किलोमीटर लंबी और 3 किलोमीटर चौड़ी क्षेत्र में फैली हुई हैं, जहां पिछले 20 वर्षों से अधिकांश भूखंड खाली पड़े हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इन सुनसान जगहों पर शाम ढलते ही शराबियों और समाजकंटकों का जमावड़ा लग जाता है। यहां आए दिन शराब पार्टी और अनैतिक गतिविधियां होती रहती हैं, जिससे क्षेत्र में अपराध की आशंका बनी रहती है।
Published on:
21 Apr 2026 11:05 am
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
