
जयपुर. देश में इस बार होलिका दहन दो दिन होगा। राजस्थान सहित कई राज्यों में फाल्गुन मास में शुक्ल पक्ष में प्रदोषकाल व्यापिनी चतुर्दशीयुक्त पूर्णिमा पर 6 मार्च को होलिका दहन होगा। वहीं अगले दिन धुलंडी मनाई जाएगी। जबकि पूर्वी राज्यों में होलिका दहन 7 को व धुलंडी पर्व 8 मार्च को मनाया जाएगा।
ज्योतिषाचार्य पं. दामोदर प्रसाद शर्मा ने बताया कि फाल्गुन मास की पूर्णिमा 6 मार्च की शाम 4. 18 बजे से अगले दिन शाम 6.10 बजे तक रहेगी। जहां सूर्यास्त शाम 6.10 बजे बाद होगा, वहां 6 मार्च को होलिका दहन होगा। वहीं, जिन जगहों पर सूर्यास्त शाम 6.10 बजे पहले होगा, वहां होलिका दहन 7 मार्च को होगा। 7 मार्च को भारत के पूर्वी राज्यों में सूर्यास्त शाम 6.10 बजे के पहले होने के कारण वहां पूर्णिमा दो दिन प्रदोष व्यापिनी रहेगी। इस चलते इसी दिन प्रदोष काल में होलिका दहन होगा।
राजस्थान सहित पश्चिमी भारत में प्रदोष व्यापिनी पूर्णिमा 6 मार्च को ही है। होली की छुट्टी भी केन्द्र और राज्य सरकार ने अलग-अलग की है। केन्द्र सरकार के अनुसार 7 मार्च को होलिका दहन छुट्टी (ऐच्छिक) है, जबकि 8 मार्च को होली (धुलंडी) की छुट्टी दी है। वहीं राजस्थान सरकार ने होलिका दहन की छुट्टी 6 मार्च की व 7 मार्च को धुलंडी की छुट्टी घोषित की है।
भद्रा को टाला जाता है...
धर्मसिन्धु शास्त्रानुसार होलिका दहन में भद्रा को टाला जाता है, लेकिन भद्रा का समय यदि निशीथ काल (अर्द्धरात्रि) के बाद चला जाता है, तो होलिका दहन (भद्रा के मुख को छोड़कर) भद्रा पुच्छकाल या प्रदोष काल में करना चाहिए। 6 मार्च को प्रदोष काल में पूर्णिमा शाम 6. 27 बजे से 6.39 बजे तक रहेगी। इस बीच शाम 4.18 बजे से दूसरे दिन तड़के 5.14 बजे तक भद्रा रहेगी। इस बार राजस्थान सहित देश में अधिकांश जगहों पर भद्रा के साए में होलिका दहन होगा।
यहां 6 मार्च को होलिका दहन
राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब व गुजरात, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तर-पश्चिमी मध्यप्रदेश, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडू, केरल सहित अधिकांश भारत में 6 मार्च को होलिका दहन होगा। 7 मार्च को धुलंडी मनाई जाएगी।
यहां 7 मार्च को दहन: पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी मध्य प्रदेश, उत्तर-पूर्वी छत्तीसगढ़, झारखण्ड, बिहार, ओडिशा, असम व अन्य पूर्वी राज्यों में 7 मार्च को होलिका दहन और 8 मार्च को धुलंडी रहेगी।
होलिका दहन का समय कहां कब
● जयपुर, कोटा - शाम 6.26 से 6.38 बजे तक
● जोधपुर - शाम 6.39 से 6.51 बजे तक
● उदयपुर, बीकानेर :- शाम 6.36 से 6.48 बजे तक
● अजमेर - शाम 6.31 से शाम 6.43 बजे तक
● श्रीगंगानगर - शाम 6.33 से शाम 6.45 बजे तक
● दिल्ली - शाम 6.20 से 6.32 बजे तक
Published on:
25 Jan 2023 01:14 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
