
बालोतरा के पचपदरा में रिफाइनरी। फोटो: पत्रिका
जयपुर। एचपीसीएल ने राजस्थान रिफाइनरी प्रोजेक्ट के तहत प्रदेश में नए पेट्रोल पंप खोलने के लिए 304 स्थान चिह्नित किए हैं। मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने शनिवार को सचिवालय में इस संबंध में एचपीसीएल और एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड (एचआरआरएल) के अधिकारियों से चर्चा कर प्रगति की समीक्षा की।
उल्लेखनीय है कि राजस्थान रिफाइनरी राज्य की अर्थव्यवस्था के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। 80 हजार करोड़ रुपए के इस प्रोजेक्ट से राज्य में नए निवेश, उद्योग और रोजगार संवर्धन को बड़ा बूस्ट मिलेगा। इस योजना के तहत 304 स्थानों की पहचान की जा चुकी है। इन नए रिटेल आउटलेट्स की स्थापना के लिए एचपीसीएल लगभग 400 करोड़ रुपए का निवेश करेगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 31 जुलाई तक इस सम्बंध में एक नई नीति तैयार की जाएगी, जिसके तहत सरकारी भूमि एचपीसीएल को लीज (पट्टे) पर उपलब्ध कराई जाएगी ताकि नए पेट्रोल पम्प स्थापित किए जा सकें। इसके अलावा एचपीसीएल और एचआरआरएल ने राज्य सरकार से अनुरोध किया कि आरटीपीपी अधिनियम के तहत सरकारी विभागों द्वारा ईंधन खरीद में उन्हें प्रेफरेंशियल सप्लायर का दर्जा दिया जाए। इसका उद्देश्य राजस्थान में स्थित एचआरआरएल रिफाइनरी की क्षमता का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करना है। बैठक में राज्य सरकार ने एचपीसीएल और एचआरआरएल के साथ मिलकर इन सभी पहलों को समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
हाईब्रिड मोड पर हुई इस बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव (खान) अपर्णा अरोड़ा, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) भास्कर ए. सावंत, अतिरिक्त मुख्य सचिव (उच्च शिक्षा) कुलदीप रांका, अतिरिक्त मुख्य सचिव (यूडीएच) आलोक गुप्ता, प्रमुख सचिव (वित्त) वैभव गलारिया, प्रमुख सचिव (राजस्व) श्री टी. रविकांत, एचपीसीएल के विपणन निदेशक अमित गर्ग सहित कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 4 जुलाई को प्रस्तावित पचपदरा रिफाइनरी के उद्घाटन कार्यक्रम को राज्यव्यापी आयोजन बनाने की तैयारी है। पचपदरा में भले ही बड़ी सभा नहीं होगी, लेकिन हर जिले के लोगों को इससे जोड़ा जाएगा। इस संबंध में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि कार्यक्रम का सीधा प्रसारण ग्राम पंचायतों, नगरपालिकाओं और जिला मुख्यालयों पर दिखाने के लिए व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं।
इस तरह राज्य के लाखों लोगों को इस कार्यक्रम से जोड़ने पर जोर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की पहली ग्रीनफील्ड एकीकृत रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स की शुरुआत होना गर्व का क्षण है। बैठक में अधिकारियों ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर प्रेजेंटेशन दिया गया।
Published on:
27 Jun 2026 09:27 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
