
2,000 साल से नहीं बदली Milan में लोगों की औसतन लंबाई
मिलान. दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में पिछली कुछ शताब्दियों में लोगों का कद औसतन धीमी गति से बढ़ा है। लेकिन, वैज्ञानिकों ने पाया कि इटली के शहर मिलान में लगभग 2,000 वर्षों के दौरान महिलाओं और पुरुषों की लंबाई में बदलाव नहीं हुआ है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह असामान्य है क्योंकि लंबाई में बदलाव से जुड़े अधिकांश अध्ययन बताते हैं कि दुनियाभर में लोग औसतन लंबे हो रहे हैं। बीते 150 वर्षों में विकसित देशों में लोगों का औसत कद लगभग चार इंच बढ़ा है।
सदियों पुराने अवशेषों के विश्लेषण ने खोला राज
समय के साथ औसत ऊंचाई कैसे बदली, इसके लिए हजारों वर्षों से इतिहास में दफन 549 पुरुषों और महिलाओं से जुड़े प्राचीन अवशेषों का विश्लेषण किया गया। मिलान में पुरुषों की लंबाई 152 सेमी से 195.4 सेमी के बीच है, जबकि महिलाओं की लंबाई 143.5 सेमी से 177.6 सेमी के मध्य है। इस तरह पुरुषों और महिलाओं का औसतन कद क्रमश: 168.5 सेमी (5 फीट, 6 इंच) व 157.8 (5 फीट, 2 इंच) है। शोधकर्ताओं ने पाया कि दोनों औसतों में समय के अंतराल में कोई महत्त्वपूर्ण परिवर्तन नहीं हुआ। ये अवशेष कम संपन्न लोगों से जुड़े थे।
कद की स्थिर प्रवृत्ति का संबंध शहर की समृद्धि से
मानव कद, आनुवांशिकी और पर्यावरणीय प्रभावों द्वारा निर्धारित होता है। अक्सर इसका उपयोग मानव आबादी के स्वास्थ्य और सामाजिक गतिशीलता के संकेतक के रूप में किया जाता है। शोध के लेखकों का कहना है कि समय के साथ कद की स्थिर प्रवृत्ति, मिलान में तुलनात्मक रूप से बेहतर स्थिति से संबंधित है। रेकॉर्ड बताते हैं कि यह क्षेत्र प्राकृतिक और खाद्य संसाधनों से समृद्ध रहा, जबकि शहर की दीवारें खतरों से बचाव करती थीं।
यूरोपीय आबादी की लंबाई में यू-आकार की प्रवृत्ति
यह शोध सदियों में आबादी की अपरिवर्तित लंबाई का दुर्लभ उदाहरण है। यह उन चुनिंदा शोधों में से एक है, जो यूरोप में समय के साथ कद की प्रवृत्ति में कोई बदलाव नहीं दिखाते। यूरोपीय आबादी में आमतौर पर वयस्कों की लंबाई में यू-आकार की प्रवृत्ति देखी गई, जिसमें रोमन युग और शुरुआती मध्य युग में लोग लंबे होते थे। उत्तर मध्य युग और आधुनिक युग में नकारात्मक प्रवृत्ति पाई गई। 20वीं सदी में लंबाई में फिर से सुधार होने लगा।
Published on:
25 Feb 2023 09:55 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
